Madhya Pradesh

युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एक लाख पदों की भर्ती का अभियान चला रही भाजपा सरकार : डॉ. मोहन यादव

सक्रिय सदस्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

धार, 9 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश में करीब 50 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने कभी भी माताओं-बहनों की भलाई की चिंता नहीं की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार लाड़ली बहनों का ध्यान रख रही और उनके आर्थिक सशक्तिकरण और उत्थान के लिए लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना जैसी कई योजनाएं चला रही है। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एक लाख पदों की भर्ती का अभियान चला रही है। प्रदेश सरकार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने 25 गाय से अधिक गाय पालने वाले दुग्ध उत्पादक गौपालकों को 25 प्रतिशत अनुदान देने का निर्णय लिया है।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को भाजपा के स्थापना दिवस के तहत धार जिले के कुक्षी विधानसभा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कुक्षी में पश्चिमी बाईपास रोड बनाने के साथ पांच सड़कों की सौगात भी दी। सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने भी संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव व केंद्रीय मंत्री ठाकुर का बड़ी माला से स्वागत किया गया।

कांग्रेस के 55 साल के शासन में गेहूं का समर्थन मूल्य 500 रुपये था, आज 2600 में गेहूं खरीद रहे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में वर्ष 1977 में सरदार सरोवर बांध की शुरूआत की थी, इस अधूरी परियोजना को पूरा करने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया। कांग्रेस के 55 साल के शासनकाल में गेहूं का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल था। आज मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार 2600 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं खरीद रही है। भारत में देवता से ज्यादा मां-देवियों की पूजा की जाती है। दुनिया में भारत की पहचान भारत माता के रूप में है। विपक्ष को कभी बहनों की याद नहीं आई, भाजपा सरकार मध्य प्रदेश की करीब सवा करोड़ लाड़ली बहनों के बैंक खाते में प्रति माह 1250 रुपये भेज रही है। कांगेस सरकारों ने कभी भी बहन-बेटियों के हित में योजनाएं नहीं बनाईं। भाजपा सरकार ने बहनों को प्रापर्टी खरीदने पर दो प्रतिशत की छूट देने के साथ नगरीय निकाय व स्थानीय निकाय में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है।

उद्योगों के जरिए हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा, क्षेत्र में सड़कों का बिछेगा जाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एक लाख पदों पर भर्ती का अभियान चला रही है। इसके साथ ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के तहत 30 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। यह निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर उतरने जा रहे हैं। उद्योगों की स्थापना से भी हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रदेश सरकार करीब चार लाख सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति का रास्ता निकाल लिया है। भाजपा सरकार लगातार गरीबों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुक्षी पश्चिमी बाईपास रोड के साथ गुरूपद पंप से बाईपास चौराहे तक वॉकिंग रोड, कापसीपुरा पुल, देशवालिया से खंडवा रोड, लिंगवा से दो किलोमीटर सड़क और निंबोल से कांकड़ तक सड़क निर्माण की घोषणा की।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top