HEADLINES

भाजपा ने जनता से जो वायदे किए, उसे पूरा कियाः राजनाथ सिंह 

दिल्ली कैंट और विश्वास नगर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दिल्ली कैंट के भाजपा प्रत्याशी भुवन तंवर और विश्वास नगर से प्रत्याशी ओम प्रकाश शर्मा के समर्थन में दो जनसभाओं को संबोधित किया।

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि देश में जब लोकसभा का चुनाव हुआ तो उस वक्त हिंदुस्तान की जनता ने भाजपा पर विश्वास किया और एक बार फिर से नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री चुनने का जनसमर्थन दिया। किसी नेता की ताकत होती है जनता की विश्वसनीयता। जो कहता है वह करता है।

राजनेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण जनता के विश्वास का संकट पैदा हुआ और उस संकट को अगर किसी ने चुनौती के रूप में लिया तो वह अकेले भारतीय जनता पार्टी है।

भाजपा ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो कहती है, उसे करती है। कोई भी एक उदाहरण ऐसा बता दें कि जो हमने कहा और उसे पूरा नहीं किया हो तो मैं स्वयं माफी मांगूगा।

उन्होंने कहा कि साल 2014 से लेकर 2024 तक के सभी घोषणा पत्र देखकर आपको इस बात का एहसास हो सकता है कि हमने जो वायदे किए हैं, उसे पूरा करके दिखाया है। कांग्रेस के जाने के बाद सैकड़ों राजनीतिक पार्टियां बनीं लेकिन किसी ने केन्द्र में सरकार नहीं बनाई और अगर किसी ने बनाई तो वह सिर्फ 6 महीने के लिए या उससे कम दिनों के लिए ही बना पाईं। आज अगर पिछले तीन बार से जनसमर्थन भाजपा को मिल रहा है तो वह सिर्फ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जनलोकपाल के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सत्ता में आई थी और आज स्वयं घोटालों के बीच में फंस कर इनकी सरकार दम तोड़ रही है। ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको आप-दा ने ठगा नहीं। किसी मुख्यमंत्री और मंत्री के लिए बड़े मकान क्यों बनना चाहिए यह बयान देकर राजनीति में आए केजरीवाल ने अपने लिए शीशमहल बनवा लिया। कोरोना के दौरान जब पूरी दुनिया में हाहाकार मची थी, उस वक्त दुनिया के किसी भी देश में वैक्सीन की दो दो डोज नहीं लगाई गई थी लेकिन भारत में दो दो वैक्सीन मुफ्त लगाने का काम किया गया और साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की उदारता का उदाहरण है कि जब दुनिया के 100 देशों को भी वैक्सीन भेजी गई थी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि

आम आदमी पार्टी की सरकार ने ना तो सही ढंग से पानी की समस्या का समाधान किया और ना ही किसी भी प्रकार की व्यवस्था की और एक बारिश में दिल्ली झील बन जाती है। भाजपा ने रेगिस्तान और पहाड़ों में पानी मुहैया कराने का काम किया लेकिन दिल्ली में इन्होंने पानी तक मुहैया नहीं करा पाए। जिस व्यवस्था के दम पर हमारा देश चलता है और जिस संविधान के साथ हम आजादी के बाद एक सूत्र में पिरोने का काम किया है, उस संविधान का भी मजाक उड़ाने से पीछे नहीं हटे।

दिल्ली वालों से भाजपा की सरकार लाने की अपील करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा को दिल्ली में जिताएं, सारी व्यवस्था ठीक करने के साथ ही मोदी सरकार की योजनाएं दिल्ली में लागू कर दी जाएंगी। आप सभी के लिए आयुष्मान योजना रामबाण साबित होने वाली है। आज भारत में रेहड़ी पटरी वालों के लिए ऐसी व्यवस्था कर दी गई है कि हाथ में मोबाइल लेकर बैठते हैं और डिजिटल इंडिया का एक अच्छा उदाहरण है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top