Uttar Pradesh

नेशन फर्स्ट को लेकर काम करती है भाजपा : धर्मपाल सिंह

इसौली विधानसभा में कार्यकर्ताओं के साथ शोभायात्रा में शामिल धर्मपाल सिंह
बूथ समिति के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते धर्मपाल

-गांव चलो अभियान के तहत हर घर तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचा रही भाजपा

लखनऊ, 12 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस अभियान के तहत हर गांव, गली व वार्ड में हर घर तक पहुंचकर मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचा रही है। गांव चलो, गली चलो, वार्ड चलो अभियान के अन्तर्गत शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी बाराबंकी की सदर विधानसभा और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सुलतानपुर जिले की इसौली विधानसभा में जन सम्पर्क किया। प्रदेश महामंत्री संगठन ने इसौली के बूथ संख्या 182 दाउदपुर में बूथ समिति, मंडल अध्यक्षों, पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व जिला पदाधिकारियों व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक को संबोधित किया।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा नेशन फर्स्ट को लेकर काम करती है। आज देश व प्रदेश में विकास की गति तेज है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि हमको विपक्ष के हर षडयंत्र को चकनाचूर करना होगा। भाजपा वादों को पूरा करने वाला राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा आज सरकार की योजना का लाभ बिना भेदभाव गरीबों तक पहुंचा है।

कार्यकर्ताओं को दिया बूथ मैनेजमेंट का मंत्र

धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि हर बूथ व हर मण्डल को फुलप्रूफ व मजबूत बनाना होगा। उन्होंने बूथ जीतो चुनाव जीतो का मंत्र दिया। लोकतंत्र सेनानियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। दाउदपुर स्थित काली माता के मंदिर पर स्वच्छता अभियान चलाया। मनियारपुर में अनुसूचित बस्ती में जाकर संपर्क किया। दाउदपुर में कार्यकर्ताओं के साथ शोभा यात्रा भी निकाली और चौपाल में लोगों को सरकार की उपलब्धियां बताई।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता किसी भी पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के परिश्रमी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अनवरत जनता से संपर्क व संवाद के माध्यम से जुड़ा रहता है और यही विशेषता पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करती है। हमें एक-एक घर और एक-एक व्यक्ति तक संपर्क करते हुए मोदी-योगी सरकार की योजनाएं भी पहुंचाना है तथा सभी को विचारधारा से जोड़ते हुए पार्टी से जोड़ने का काम भी करना है।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top