
देहरादून, 30 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी नेताओं पर टिकट बेचने के आरोपों को कांग्रेस की पुरानी आदतों का दोहराव बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाली पार्टी के लिए यह कोई नई बात नहीं है।
चौहान ने सोशल मीडिया पर वायरल कांग्रेस दावेदारों के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व और उसके गैरजिम्मेदार नेता अपनी हार से सबक नहीं ले रहे हैं।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के कामों से जनता खुश है और कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत दूर-दूर तक संभव नहीं है। ऐसे में टिकट बेचने के आरोप यह दिखाते हैं कि निकाय चुनावों में उम्मीदवारों के चयन में बड़ा घोटाला हुआ है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनका अंदरूनी मामला हो सकता है, लेकिन राजनीतिक शुचिता के लिए इस तरह की घटनाएं अनुचित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग देश-विदेश में संविधान खत्म होने की झूठी बातें फैलाते हैं, वही अपनी पार्टी में लोकतंत्र का हनन करने के आरोपों से घिरे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और जनता कांग्रेस नेतृत्व की सच्चाई को पहचानती है और अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी अहसास होने लगा है। उन्होंने पीड़ित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सहानुभूति जताते हुए कहा कि नकारात्मक और फर्जीवाड़े की राजनीति करने वालों को चुनावों में फिर सबक सिखाने का समय आ गया है।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
