Delhi

दिल्लीवालों से किए अपने वादों को निभाये भाजपा: आतिशी

आतिशी प्रेस वार्ता में  दिल्ली वालों से किए भाजपा के वादो को याद दिलाती हुई

नई दिल्ली, 20 फरवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के नाते रेखा गुप्ता से उम्मीद है कि वह दिल्ली की महिलाओं से किया गया वादा जरूर पूरा करेंगी।

आतिशी ने गुरुवार को आआपा के दिल्ली मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि यह खुशी की बात है कि दिल्ली का नेतृत्व एक महिला करेंगी। दिल्ली की जनता को उम्मीद है कि दिल्लीवालों से किए गए वादे पूरे होंगे। दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी (आआपा) का पूरा सहयोग मिलेगा।

आतिशी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में हर महिला को ढाई हजार रुपये महीना देने की योजना पास होगी और आठ मार्च तक पहली किश्त मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आज शाम सात बजे नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक है। दिल्ली की हर महिला इंतजार कर रही है कि भाजपा अपना वादा निभाए।

आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी रैली में ये भी कहा कि दिल्ली की सब महिलाएं अपने फोन को अपने खातों से लिंक कर लें। आठ मार्च को उनके पास एसएमएस आ जाएगा कि उनके खाते में ढाई हजार रुपये जमा हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की सभी महिलाओं की तरफ से रेखा गुप्ता और भाजपा की दिल्ली सरकार से मांग करती हूं कि आज सात बजे की कैबिनेट बैठक में ढाई हजार रुपये महिलाओं को देने के वादे को भाजपा पूरा करे। उसे आज शाम की बैठक में पास भी कर दिया जाए।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top