Assam

पंचायत चुनाव में भाजपा गठबंधन की प्रचंड बढ़त

BJP

गुवाहाटी, 11 मई (Udaipur Kiran) । असम में रविवार सुबह से शुरू हुई पंचायत चुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों ने अधिकांश सीटों पर भारी मतों से बढ़त बना ली है। अब तक की गिनती के रुझानों के आधार पर यह लगभग तय है कि भाजपा गठबंधन राज्य के अधिकांश क्षेत्रीय पंचायतों और जिला परिषदों पर कब्जा करेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने एक बयान जारी कर कहा कि असम की जनता ने भाजपा गठबंधन को जो ऐतिहासिक समर्थन दिया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के सशक्त नेतृत्व में असम में हो रहे सर्वांगीण विकास को जारी रखने के लिए लोगों ने दिल खोलकर वोट दिया है।

सैकिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा और अन्य घटक दलों के नेताओं तथा समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि जनता ने इस चुनाव में भाजपा गठबंधन को भारी समर्थन दिया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने और ग्रामीण जीवन के समग्र विकास के लिए जनता ने गठबंधन के उम्मीदवारों को मत देकर पूरी प्रतिबद्धता दिखाई है। इसके लिए उन्होंने सभी ग्रामीण मतदाताओं का हार्दिक धन्यवाद् और आभार जताया।

भविष्य की योजनाओं की चर्चा करते हुए सैकिया ने कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था को और सशक्त बनाकर एक सुरक्षित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए भाजपा गठबंधन अपने संकल्प पत्र में किए गए हर वादे को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 के पंचायत चुनाव में भाजपा ने 212 जिला परिषद सीटें और असम गण परिषद (अगप) ने 19 सीटें जीती थीं। इसी तरह, बीते चुनाव में 1025 क्षेत्रीय पंचायत सदस्य पद भाजपा ने और 118 सीटें अगप ने विपक्ष को हराकर हासिल की थीं।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top