West Bengal

घायल अवस्था में मिली महिला को लेकर भाजपा ने लगाया अपहरण और दुष्कर्म का आरोप

कोलकाता, 3 फरवरी (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर इलाके के जंगालिया गांव में रविवार को एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में एक खुले मैदान में पाई गई। इसे लेकर भाजपा ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर बारुइपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि महिला शनिवार रात को घर से निकली थी, लेकिन अपनी मंज़िल तक नहीं पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि महिला का अपहरण कर बर्बरता से दुष्कर्म किया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, जयनगर में एक विवाहित महिला का अपहरण कर उसके साथ बर्बरता की गई और फिर उसे मारने की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी।

उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और कहा, सरस्वती पूजा के दिन भी बंगाल में महिलाओं पर अत्याचार नहीं रुका। घटना पर बंगाल की महिला मुख्यमंत्री ने अब तक एक शब्द भी नहीं कहा। उन्होंने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

यह घटना अक्टूबर 2024 में दक्षिण 24 परगना के कुलतली इलाके में 10 वर्षीय बच्ची के शव के नहर में मिलने के मामले की याद दिलाती है। उस घटना के बाद ग्रामीणों ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने उस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया था।

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विपक्षी दलों ने राज्य सरकार की तीखी आलोचना की है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top