जदयू प्रदेश कार्यालय में अमर शहीद रामफल मंडल का शहादत दिवस मनाया
पटना, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । अमर शहीद रामफल मंडल का शहादत शुक्रवार काे जदयू के प्रदेश कार्यालय में मनाया गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अमर शहीद के तैलय चित्र पर माल्यार्पण किया। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अमर शहीद रामफल मंडल युवा अवस्था में ही मातृभूमि के प्रति अपने दायित्वों को लेकर संवेदनशील और गंभीर थे। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन में उन्होंने अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया था। देश को आजाद कराने के लिए उन्होंने महज 19 वर्ष की आयु में अपने प्राण की आहुति तक दे दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमारी पार्टी और एनडीए सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। साथ ही हमारी पार्टी का प्रत्येक सिपाही अमर शहीद रामफल मंडल के पदचिह्नों पर चलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रामफल मंडल के त्याग, संघर्ष और बलिदान गाथा को हमें जन-जन तक प्रचारित और प्रसारित करने का संकल्प लेना है ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।
माेके पर विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधी जी’, विधायक मीना कामत, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता निहोरा प्रसाद यादव, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह, सुनील कुमार सुशील, प्रदेश महासचिव वासुदेव कुशवाहा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रामफल मंडल के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण कर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की एवं माँ भारती की स्वाधीनता के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
—————
(Udaipur Kiran) / चंदा कुमारी / चन्द्र प्रकाश सिंह
