CRIME

बासनी में बाइक सवार लुटेरों ने 14.69 लाख की नगदी से भरा बैग लूटा

jodhpur

जोधपुर, 26 फरवरी (Udaipur Kiran) । बासनी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बाइक पर सवार दो लुटेरे एक फैक्ट्री मुनीम का नोटों से भरा बैग छीनकर ले गए। बैग में 14 लाख 69 हजार रुपये थे। घटना की जानकारी मिलते ही बासनी थानाधिकारी नितिन दवे मय जाब्ते मौके पर पहुंचे। मुनीम से घटना की जानकारी ली। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर टीमें गठित की और लुटेरों की तलाश शुरू करवाई। अंदेशा है कि रैकी कर इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी जुटाए। इसके आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर लुटेरों का पता लगाया जा रहा है। लुटेरों ने हेलमेट पहन रखा था। बासनी थाना क्षेत्र के तनावड़ा व सांगरिया फांटा के बीच यह घटना हुई थी। चैनसुख सुथार की सांगरिया में उपकरण बनाने की फैक्ट्री है। चैनसुख ने प्लॉट के रुपये मुनीम को दे रखे थे। सुबह फोन कर सुथार ने मुनीम राजेंद्र सिंह से रुपए मंगवाए। रुपये का बैग लेकर राजेंद्र सिंह फैक्ट्री जा रहा था। इस दौरान तनावड़ा व सांगरिया के बीच बुलेट पर सवार लुटेरे अचानक ओवर टेक करके आगे आ गए। इसके चलते राजेंद्र सिंह को बाइक रोकनी पड़ी। पलभर में एक लुटेरे ने राजेंद्रसिंह के बाइक के हैंडल पर लगा बैग छीना और भाग गए। राजेंद्र सिंह ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन हाथ नहीं आए। इसके बाद राजेंद्र सिंह ने चैनसुख को घटना की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया और मौके पर पहुंचे।

रैकी कर लूट का अंदेशा

पुलिस को अंदेशा है कि इस घटना में मुनीम राजेंद्र सिंह की रैकी गई हैं। लुटेरों को पता था कि उसके बैग में लाखों की नगदी हैं। इसके चलते वे उसके पीछे लग गए। ऐसे में इस लूट की घटना में किसी परिचित के शामिल होने का भी अंदेशा है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top