
नई दिल्ली, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । बिहार के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने बुधवार को यहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर उन्होंने बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में संक्षिप्त विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि बिहार बदलाव के लिए तरस रहा है। बिहार के युवा रोज़गार चाहते हैं। बिहार की जनता असली सामाजिक न्याय की आस लगाए इंतज़ार कर रही है।
कांग्रेस ने मंगलवार को बिहार कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण परिवर्तन करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश प्रसाद सिंह की जगह दलित नेता राजेश कुमार को राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। राजेश कुमार औरंगाबाद जिले की कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह 2015 और 2020 में विधायक निर्वाचित हुए।
—————
(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव
