West Bengal

विधायक के स्कूल दौरे पर बिफरी भाजपा, कहा : चुनाव से पहले याद आया स्कूल

विधायक के स्कूल दौरे पर बिफरी भाजपा, कहा चुनाव से पहले याद आया स्कूल

हुगली, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । पिछले सप्ताह चांपदानी के विधायक अरिंदम गुईन ने श्रीरामपुर नगरपालिका के 29 नंबर वार्ड में स्थित नया बस्ती श्री शिव हाई स्कूल का दौरा किया था और विद्यालय के जर्जर हो चुके इमारत में कुछ कमरों के निर्माण का आश्वासन दिया था। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता भाजपा नेता राकेश चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को विद्यालय पहुंचे और वर्ष 2026 के चुनाव के एक साल पहले विधायक द्वारा स्कूल का दौरा किए जाने पर सवाल खड़ा किया।

भाजपा नेताओं का कहना था कि जर्जर इमारत के कारण लंबे समय से विद्यालय के बच्चे अन्य स्कूल में जाकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। चार वर्ष बीत जाने के बाद विधायक को अब श्री शिव विद्यालय की याद आई है। ये विधायक का चुनावी स्टंट है।

विद्यालय सूत्रों के माने तो 1950 के दशक में बनी विद्यालय की इमारत अपनी आयु पूरी कर चुकी है। अब इमारत को तोड़ कर उसका पुनर्निर्माण करवाए जाने की जरूरत है। वर्ष 2022 में सरकारी इंजीनियर ने विद्यालय का निरीक्षण कर उसे ‘शिक्षण के लिए अयोग्य’ घोषित कर दिया था। विद्यालय के अन्य विद्यालय में स्थानांतरित होने से बच्चे मध्याह्न भोजन से भी वंचित हो रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य समय समय पर संबंधित विभागों में विद्यालय की इस समस्या को लेकर पत्राचार करते रहे हैं। लेकिन अब तक प्रधानाचार्य के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है।

बहरहाल, विद्यालय में आसपास की बस्ती से लगभग नौ सौ छात्र-छात्राएं पठन-पाठन करने जाते हैं। विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है। वर्तमान में विद्यालय में सिर्फ नौ शिक्षक हैं। अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। हायर सेकेंडरी तक चलने वाला यह विद्यालय फिलहाल राम भरोसे ही चल रहा है।

बहरहाल, देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी मौसम में विद्यालय के समस्याओं का कितना समाधान हो पाता है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top