Uttar Pradesh

सदस्यता अभियान के माध्यम से हर व्यक्ति को भाजपा से जोड़ेंगे : भूपेन्द्र चौधरी

भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी विभाग एवं प्रकोष्ठों की सदस्यता अभियान प्रदेश कार्यशाला शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संपन्न हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। भाजपा के कार्यकर्ता लगातार विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से जनता के बीच रहते हैं। सदस्यता अभियान के माध्यम से हम फिर एक बार सदस्यता अभियान के माध्यम से हर व्यक्ति व हर वर्ग तक पहुंचकर लोगों को भाजपा से जोड़ने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा व्यापक जनसंपर्क करते हुए जनमानस को भाजपा परिवार से जोड़ने का काम करना है। उन्होंने कहा कि 2014 में सदस्यता अभियान से भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के परिश्रम से संभव हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सदस्यता अभियान को सर्वस्पर्शी, सर्वग्राही एवं सर्व समावेशी बनाने के लिए केन्द्र के साथ ही प्रदेश, जिला व मंडल स्तर पर आयोजित कार्यशालाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कल 31 अगस्त को प्रदेश के सभी बूथों पर बैठकें आयोजित कर सदस्यता अभियान की योजना व रचना को बूथ समितियों के साथ ही बूथ पर रहने वाले पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच साझा किया जाएगा।

चौधरी ने कहा कि प्रत्येक विभाग व प्रकोष्ठ को सम्बंधित वर्ग के बीच पहुंचकर उनको भाजपा सदस्य के रूप में जोड़ने का काम करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक, व्यापारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, साहित्यकार, चित्रकार, सीए, कलाकार, खिलाड़ी, पूर्व सैनिक सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक सदस्यता अभियान के माध्यम से पहुंचने का काम करना है।

उन्होंने कहा कि 02 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सदस्यता के साथ ही अभियान प्रारम्भ होगा। प्रत्येक पदाधिकारी को व्यक्तिगत सदस्यता के साथ ही अपने निवास के बूथ की सदस्यता में भी सहभागिता करना है। इसके साथ ही कैंप लगाकर तथा सामूहिक रूप से घर-घर जाकर अपने-अपने विभाग एवं प्रकोष्ठ की सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में सभी को बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा का संकल्प लिया और उसे पूरा किया। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण के संकल्प सहित भाजपा ने संकल्प पत्र में घोषित प्रत्येक संकल्प को पूरा किया। उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य था। आज उत्तर प्रदेश देश में दूसरे नम्बर की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। भाजपा की सरकार में देश व प्रदेश की तस्वीर बदली है। भाजपा की सरकारों ने जनापेक्षाओं को पूरा करने का काम किया है। हम सशक्त भाजपा-विकसित भारत के संकल्प के साथ सदस्यता अभियान में केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं व नीतियों को भी लेकर जनता के बीच पहुंचेगे और विपक्ष द्वारा फैलाये गई नकारात्मकता, झूठ, भ्रम व देश व समाज को तोड़ने की राजनीति को बेनकाब करने का काम करेंगे।

कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, संजय राय, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह समेत अन्य नेता उपस्थित रहे। संचालन विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन यादव

Most Popular

To Top