Uttar Pradesh

उप्र में गन्ना समिति के 151 सीटों में 148 सीटों पर भाजपा विजयी : भूपेन्द्र चाैधरी

प्रेस को संबोधित करते भूपेन्द्र चौधरी

गन्ना समिति के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि गन्ना किसानों की सच्ची हितैषी भाजपा ही है। इसका सुखद परिणाम भाजपा को गन्ना समिति एवं चीनी मिल संघ के चुनावों में मिला है। गन्ना किसानों के हित के लिए तत्पर भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर प्रदेश के किसानों ने जीत की मुहर लगाई है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश में 9 वर्ष बाद चुनाव हुए हैं। जिसमें पहली बार बड़ी संख्या में भाजपा के उम्मीदवार जीत कर आये हैं। प्रदेशभर में सहकारी गन्ना विकास समिति एवं चीनी मिल संघ चुनाव में भाजपा ने अपना परचम फहराया है। सहकारी गन्ना विकास समिति के चुनाव में 151 में 148 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। यह जीत ऐतिहासिक है और अब तक की सबसे बड़ी जीत है।

श्री चौधरी ने कहा कि सहकारी चीनी मिल संघ के चुनाव में सभी 25 स्थानों पर भाजपा को विजयश्री मिली। चुनाव से पूर्व में डेलिगेट व संचालक का चुनाव हुआ है। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के हजारों की संख्या में डेलीगेट व 15 सौ से अधिक डायरेक्टर निर्वाचित हुए हैं।

उन्होंने बताया कि गन्ना समिति के चुनाव की प्रक्रिया 23 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चली है। उन्होंने कहा कि इनमें प्रतिष्ठित मेरठ, रामपुर, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर सहित सभी जिलों में सहकारी गन्ना समितियों में भाजपा के उम्मीदवार विजयी हुए है।

श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने ही गन्ना किसानों का सर्वाधिक भुगतान किया है। विगत सरकारों के बकाये भी भाजपा सरकार ने चुकाए हैं। योगी सरकार ने 2 लाख करोड़ से ज्यादा का गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार के किसान हितैषी निर्णयों का असर नीचे तक हो रहा है। सपा-बसपा ने किसानों के साथ छल ही किया है, भाजपा सरकार ही किसानों की सच्ची हितैषी है। गन्ना समितियों के चुनाव परिणाम इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि चुनावों में किसानों ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है। गन्ना एवं चीनी मिल समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधि सरकार चीनी मिलों व किसानों के मध्य पुल का काम करेंगे व किसानों का सहयोग करेंगे। अब भारतीय जनता पार्टी सहकारिता के सभी क्षेत्रों में प्रभावी है और विपक्ष का सफाया हो गया है। भाजपा के कार्यकर्ता सेवा भाव से काम करते हैं और इस क्षेत्र में भी किसानों की सहायता करेगें।

उपचुनाव में सभी सीटें जीतेगी भाजपा

पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश की सभी 10 सीटों के उपचुनाव को लेकर पूरी तैयारी है और भाजपा सभी 10 सीटों को जीतेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा मुखिया की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। सपा प्रमुख लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लोगों को बरगलाने का काम करते है। वहीं दूसरी ओर सपा ने अपने सांसद व अधिवक्ता सभा के सदस्यों के द्वारा कोर्ट में जाकर मिल्कीपुर विधानसभा का उपचुनाव समय पर किये जाने को लेकर अड़ंगा लगाने का काम किया है। इससे साबित होता है कि समाजवादी पार्टी डरी हुई है और वह किसी भी तरह मिल्कीपुर का चुनाव टालने की कोशिश कर रही है।

श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे जोश में चल रहा है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से व्यापक जनसंपर्क कर रहे हैं और पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनसमर्थन जुटा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top