
– नगरीय निकायों में एक करोड़ पौध-रोपण अभियान की हुई शुरूआत
भोपाल, 5 जून (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर “वूमन फॉर ट्री’’ अभियान की शुरूआत हुई। आज से प्रारंभ हुए इस अभियान में आगामी वर्षाकाल में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में एक करोड़ पौधे लगाने का कार्यक्रम तय किया गया है। आज भोपाल के भौरी स्थित सुंदरलाल पटवा प्रशिक्षण संस्थान परिसर में नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने पौध-रोपण किया। संचालनालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौध-रोपण किया।
आयुक्त ने इस मौके पर कहा कि वर्तमान समय में स्वच्छ और हरित वातावरण बनाये रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिये प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी के साथ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि पौध-रोपण न केवल हरियाली बढ़ाता है, बल्कि भावी पीढ़ी के लिये स्वच्छ पर्यावरण की नींव भी रखता है। आयुक्त एवं अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के प्रबंध संचालक भोंडवे ने एमपी नगर स्थित अमरकंटक भवन में भी पौध-रोपण किया। प्रमुख अभियंता आनंद सिंह ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलायी। पर्यावरण दिवस पर कम्पनी के कुछ अधिकारी-कर्मचारी साइकिल से कार्यालय पहुँचे।
वूमन फॉर ट्री अभियान
प्रदेश में वूमन फॉर ट्री अभियान का दूसरा चरण आज से प्रारंभ हो गया। इस अभियान में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नगरीय क्षेत्रों में सघन पौध-रोपण किया जा रहा है। यह अभियान स्वच्छ, हरा-भरा और सतत नगरीय पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। “एक पेड़ माँ के नाम’’ की भावना से प्रेरित यह अभियान महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जागरूकता का भी माध्यम बन रहा है। वूमन फॉर ट्री अभियान केवल पौध-रोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और हरित नगरीय विकास की दिशा में एक समर्पित प्रयास है। वूमेन फॉर ट्री अभियान में नगरीय क्षेत्रों में लगाये जाने वाले पौधों की देखभाल करने की जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी जायेगी। आज प्रदेश में प्रारंभिक तौर पर करीब 6500 पौधे सामूहिक भागीदारी से रोपे गये। यह अभियान 31 अगस्त तक पूरी गति से चलेगा। शहरी क्षेत्रों में व्यवस्थित पौध-रोपण और उसकी सुरक्षा के लिये पूर्व से स्थल का चयन किया जा रहा है।
(Udaipur Kiran) तोमर
