Madhya Pradesh

भोपालः 11 वर्षीय बालिका को घर बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, आरोपी की पत्नी ने भी की मदद

प्रतीकात्मक तस्वीर

भोपाल, 22 जनवरी (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 11 वर्षीय नाबालिग बालिका को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामला नजीराबाद थाना इलाके के एक गांव का है। वारदात को आरोपित ने अपने घर में अंजाम दिया। आरोपी और पीड़ित के परिजन के बीच पहले से जान-पहचान है। आरोपी अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर बालिका को अपने घर ले गया था। आरोप है कि इस अपराध में आरोपी की पत्नी ने भी साथ दिया है।

एडिशनल एसपी नीरज चौरसिया ने बुधवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में रहने वाली बालिका के भाई को पड़ोस के गांव में रहने वाले विनय सिंह की पत्नी पूनाबाई राखी बांधती है। इस वजह से दोनों के परिवारों में घनिष्ठता रही है। सोमवार की रात आरोपी विनय सिंह अहिरवार पीड़िता के घर पहुंचा था। उसकी पत्नी पूना बाई भी साथ थी। आरोपित विनय सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी पूनाबाई की तबीयत खराब हो गई है। उसकी देख-रेख के लिए वह बालिका को साथ ले जा रहा है। पारिवारिक संबंध की वजह से बालिका के परिजन ने किसी तरह का संदेह नहीं किया।

एडिशनल एसपी चौरसिया ने बताया कि घर ले जाकर विनय और उसकी पत्नी ने बालिका को एक कमरे में बंद कर दिया। यहां विनय ने उसे डराकर रेप किया। आरोपी की पत्नी ने भी लड़की को धमकाया। पूरी रात उसे घर में बंधक बनाकर रखा। मंगलवार सुबह पीड़िता अपने घर पहुंची। परिजन को पूरा घटनाक्रम बताया। परिवार वाले उसे लेकर थाने पहुंचे और दंपती के खिलाफ केस दर्ज कराया। मामले को लेकर पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने बंधक बनाने, दुष्कर्म और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आरोपियों को बैरसिया कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top