Uttar Pradesh

भीम आर्मी मुखिया चंद्रशेखर ने संत रविदास मंदिर में टेका मत्था, संतों से लिया आशीर्वाद

भीम आर्मी मुखिया चंद्रशेखर संत रविदास मंदिर में
भीम आर्मी मुखिया चंद्रशेखर संत रविदास मंदिर में

वाराणसी, 12 फरवरी (Udaipur Kiran) । संत शिरोमणि रविदास की जयंती पर बुधवार को भीम आर्मी मुखिया नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संत की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में हाजिरी लगाई। गुरु मंदिर की चौखट और गुरु प्रतिमा के समक्ष सांसद चंद्रशेखर ने मत्था टेकने के बाद ‘बेगमपुरा राज’ के सपने को साकार करने का संकल्प भी दोहराया। गुरु दरबार में दर्शन पूजन के बाद चंद्रशेखर ने सच्चाखंड बल्ला धाम के गद्दीनशीन वयोवृद्ध संत निरंजन दास का आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन करने के बाद पैदल भ्रमण कर चंद्रशेखर ने रैदासी भक्तों से बातचीत भी की।

चंद्रशेखर को लेकर युवा रविदासियों में उत्साह दिखा। सांसद चंद्रशेखर ने गुरु मंदिर में हाजिरी लगाने के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी खुशी जताई। उन्होंने लिखा कि आज बनारस में जगतगुरु, सतगुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व पर उनकी जन्मस्थली पहुंचकर उन्हें नमन किया। सतगुरु रविदास महाराज जी के ‘बेगमपुरा राज’ के सपने को साकार करने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने जयंती पर लिखा कि ऊंच-नीच, अमीर-गरीब और जातपात के भेद से परे बेगमपुरा राज की संकल्पना करने वाले परम ज्ञानी, संत शिरोमणि जगतगुरु सतगुरु रविदास महाराज के प्रकाश पर्व पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं। बेगमपुरा – ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न। छोट बड़ो सब सम बसै, रैदास रहें प्रसन्न।

गुरु की जयंती में भाग लेने के लिए चंद्रशेखर मंगलवार शाम को ही शहर में पहुंच गए थे। उन्होंने वाराणसी प्रवास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ को लेकर तंज कसते हुए कहा कि किलोमीटरों तक लोग जाम में फंसे। प्रदेश के मुख्यमंत्री कितने बड़े वादे कर रहे थे और धरातल पर क्या निकला। क्या मुख्यमंत्री इसी की बात कर रहे थे कि ये डिजिटल कुंभ है। दिल्ली में भाजपा की जीत पर चंद्रशेखर ने कहा कि धनबल जीत गया और जनबल हार गया। पैसे के आधार का चुनाव अब गरीबों को आगे बढ़ने से रोक देगा। ऐसे में गरीबों को अपने रास्ते खुद बनाने पड़ेंगे। तब जाकर बात आगे बढ़ेगी। संतों के सनातन बोर्ड की मांग पर चंद्रशेखर ने कहा कि नौजवानों के लिए बोर्ड बनना चाहिए।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top