Madhya Pradesh

देश के लिए बलिदान देने वाला संगठन है भारतीय जनता पार्टीः विष्णुदत्त शर्मा

देश के लिए बलिदान देने वाला संगठन है भारतीय जनता पार्टीः विष्णुदत्त शर्मा
देश के लिए बलिदान देने वाला संगठन है भारतीय जनता पार्टीः विष्णुदत्त शर्मा

– विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तरह संगठन पर्व में रिकार्ड बनाएं: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

भोपाल, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को भोपाल जिले की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्र प्रथम है। भाजपा देश के लिए बलिदान देने वाला संगठन है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दे दिया। भाजपा कार्यकर्ता पद पाने के लिए नहीं, बल्कि भारत माता की सेवा करने के लिए कार्य करते हैं। भाजपा का संगठन पर्व राजनैतिक पद पाने के लिए नहीं देश को ताकत देने के लिए है।

उन्होंने कहा कि संगठन शक्ति और बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत से जिस प्रकार मध्यप्रदेश में भाजपा ने विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव में जीत का इतिहास बनाया है, उसी प्रकार भोपाल जिले के कार्यकर्ताओं को संगठन पर्व पर सदस्यता का नया रिकार्ड बनाना है। भोपाल के हारे हुए बूथों में अधिक से अधिक सदस्य बनाकर तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को जवाब देना है।

सदस्य बनाने में सजग प्रहरी की भूमिका निभाएं कार्यकर्ता

शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहले विधानसभा चुनाव फिर लोकसभा चुनाव में जीत का इतिहास बनाने में संगठन शक्ति के साथ बूथ और मंडल की समितियों ने महती भूमिका निभाई है। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने सजग प्रहरी की भूमिका निभाते हुए चुनावों में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की तुष्टिकरण की राजनीति को प्रदेश में नहीं चलने दिया। उसी प्रकार की सजग प्रहरी की भूमिका निभाते हुए आप सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाकर इतिहास बनाएं। तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने का यह सही अवसर है। आप सभी कार्यकर्ता हारे हुए बूथों पर लक्ष्य से अधिक संख्या में सदस्य बनाकर संगठन को मजबूत बनाएं।

संगठन की शक्ति से जम्मू-कश्मीर से 370 हट सकी, इसे और मजबूत बनाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू कर दिया गया, तब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘‘एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान’’ नहीं चलेगा का नारा देते हुए आंदोलन शुरू किया और जम्मू-कश्मीर से 370 हटाने के लिए अपना बलिदान दे दिया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि जब भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी, 370 हटाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनें और जम्मू-कश्मीर से 370 हटा दी गयी। मध्यप्रदेश की पहचान सर्वश्रेष्ठ संगठन शक्ति के रूप में है, इस पहचान को और प्रखर बनाना है। पार्टी संगठन ने भोपाल जिले के लिए जो लक्ष्य रखा है, उस लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास बनाना है।

कार्यशाला को भोपाल के प्रभारी मंत्री चेतन कश्यप, प्रदेश महामंत्री व सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। इस दौरान मंच पर प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला प्रभारी महेंद्र सिंह यादव, रामदयाल प्रजापति, नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला महामंत्री रविन्द्र यति, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेश वाजपेयी, नेहा बग्गा उपस्थित थीं।

(Udaipur Kiran) तोमर / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top