RAJASTHAN

भजनलाल सरकार प्रदेश का कर रही है उत्थान, तय होंगे विकास के नए आयाम : सीपी जोशी

जिला कार्यसमिति बैठक

जयपुर, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने रविवार काे उदयपुर देहात और डूंगरपुर में जिला कार्य समिति की बैठक को संबोधित किया। बैठकों में जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आगामी दिनों में पार्टी ने गुरु पूर्णिमा, कारगिल विजय दिवस और मन की बात सहित जो कार्यक्रम तय किए है उन्हें लेकर रचना बनाई और व्यापक रूप से उन कार्यक्रमों को करने का निर्णय किया। जोशी ने मन की बात कार्यक्रम को मासिक रूप से अलग-अलग शक्ति केन्द्र पर करने की बात कही जिससे मंडल के मोर्चे की बैठक भी लगातार हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से नगर निकाय और पंचायत राज चुनाव में जुटने का आहृान किया।

जोशी ने कहा कि आज हमारी जो पहचान है उसके पीछे पार्टी है, इसलिए पार्टी में मिली जिम्मेदारियों पर खरा उतरते हुए संगठन सर्वाेपरी ध्येय के साथ पार्टी के व्याप को बढ़ाने और संगठन को शक्ति देने के लिए अपना सर्वस्व देना है। कार्यकर्ता संगठन को शक्ति देने का काम करता है, सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, यह सिलसिला लगातार चलता रहें यह हमारी जिम्मेदारी है। जोशी ने कहा कि भाजपा जब सत्ता में आती है तो विकास के ध्येय को लेकर चलती है। देश और प्रदेश में जो भी विकास के काम हुए है वे भाजपा की ही देन है। भाजपा की अटल और मोदी सरकार में देश में विद्यालय, सड़क, हाईवे, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन, पंडित दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना में बिजली कनेक्शन, किसान सम्मान निधि सहित हर क्षेत्र में विकास के काम हुए है। भाजपा की सरकार में सैनिकों को सम्मान मिला, पहली बार सैनिक की पार्थिव देह उसके घर आई और सम्मान पूर्वक अंत्येष्ठी हुई। कश्मीर से धारा 370 हटी और उसके बाद वहां शिक्षा का अधिकार आया, सूचना का अधिकार आया, बाल विवाह कानून आया और वहां के लोगों को आरक्षण मिला।

जोशी ने कहा कि ’’जाके पांव फटे ना बिवाई, सो क्या जाने पीर पराई’’ जिसने विदेश में पढ़ाई की सोने की चम्मच से खाना खाया, उसको क्या पता कि इनके पिताजी-खानदान के लोग भी यही कहते थे कि इस बार लाल मिर्ची महंगी हो गई तो हरी मिर्ची नहीं लाल मिर्ची बो देना ताकि सस्ती हो जाए, ये वही लोग है जो आलू से सोना बनाते है। ये वही लोग है जो वायनाड में जाकर क्या बन जाते है, अमेठी मे जाकर क्या बन जाते है और इटली में जाकर क्या बन जाते है। कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए संविधान का दुरुपयोग किया, संशोधन किया, आपातकाल लगाया, पाकिस्तान को आधा कश्मीर दे दिया, ताशकंद समझौता किया, शिमला समझौता किया, 60 सालों तक देश को कमजोर करने का काम किया। 1952 नेहरू लियाकत समझौता हुआ कि वहां रहने वाले अल्पसंख्यक भाई चाहे हिन्दू हो, सिक्ख हो, बौध हो या ईसाई हो, भारत आऐंगे तो उन्हें नागरिकता और सुविधा देना हमारा कर्तव्य होगा। इसके लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, भाजपा सरकार ने किया। भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ध्येय को लेकर देश के 140 करोड लोगों के लिए सोचा उनके उत्थान के लिए काम किया। इसलिए सत्ता में आने के बाद हमारी जिम्मेदारियां और दायित्व बढ़े है। जनता की आशाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को नीचे तक पहुंचाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने कभी गांव, गरीब और किसान की चिंता नहीं की, आजादी के बाद से देश को वादे और नारे ही दिए। इन्हें देश की एकता और अखंडता से कोई मतलब नहीं है। इनका मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना है चाहे उसके लिए देश को जाति और धर्म के आधार पर ही क्यों ना बांटना पड़े। देश की जनता ने देखा कि जो एक दूसरे को गाली निकालते थे, आरोप प्रत्यारोप करते थे, जीवनभर एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते आए वे नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए किस प्रकार एकजुट हो गए, भ्रम फैलाया। ये परजीवी लोग है, इन्हें पता है कि हमने कुछ नहीं किया, अकेले के दम पर चुनाव नहीं लड़ सकते। उन्होंने कहा कि क्या ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसलिए रोकना चाहते है कि भारत दुनिया की बड़ी शक्ति बनने जा रहा है, पहले भारत दुनिया की सुनता था लेकिन अब दुनिया भारत की सुनती है, जिस देश ने सालों तक हमें गुलाम बनाकर रखा उसे पछाड़ कर भारत पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना, पहले हम दुनिया से हथियार खरीदते थे लेकिन अब भारत हथियार बनाता भी है और दुनिया को बेचता भी है, आबूधाबी में भव्य मंदिर बना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की आधारशिला 2014 में लिखी गई थी, भारत विश्वगुरू की ओर अग्रसर है।

इस दौरान उदयपुर देहात जिला कार्यसमिति बैठक में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत, वरिष्ठ नेता विधायक श्रीचंद कृपलानी, उदयपुर देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, जिला प्रमुख ममता कुंवर पंवार सहित जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। डूंगरपुर जिला कार्य समिति बैठक में राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री बाबू लाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद मन्ना लाल रावत, वरिष्ठ नेता विधायक श्रीचंद कृपलानी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश मंत्री मिथलेश गौतम, अनिता कटारा, जिलाध्यक्ष हरीश पाटीदार, पूर्व सांसद कनकमल कटारा, मानशंकर निनामा, महेन्द्र जीत सिंह मालवीय, विधायक शंकर डेचा, कैलाश मीणा सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top