सीएम अब फरीदकोट की बजाए मोहाली में फहराएंगे ध्वज
चंडीगढ़, 23 जनवरी (Udaipur Kiran) । प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस के मुखी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने गणतंत्र दिवस के मौके पर फरीदकोट में धमाका करने की धमकी दी है। इस धमकी काे देखते हुए पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम का स्थान बदल दिया है। मुख्यमंत्री अब फरीदकोट की बजाए मोहाली के ध्वज फहराएंगे।
पंजाब सरकार ने गुरुवार को नया कार्यक्रम जारी किया है। इससे पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाब के फरीदकोट में ध्वज फराहना था। फरीदकोट में अब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तिरंगा फहराएंगे। पंजाब पुलिस ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ फरीदकोट में मामला दर्ज कर लिया है। उसने सीएम मान को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा है कि जो उल्टा चलता है, उसका हश्र पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा होगा। पन्नू ने कहा कि फरीदकोट रेलवे स्टेशन और नेहरू स्टेडियम में उसने खालिस्तानी नारे लिखवाए हैं। यहां भगवंत मान 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराने वाले हैं। सिख युवा सिर्फ खालिस्तान का झंडा ही पकड़ें। अमेरिका में अब डोनाल्ड ट्रम्प की सरकार आ चुकी है। सरकारें बदलने के साथ बहुत कुछ बदलता है। पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है। पन्नू की धमकी के बाद भगवंत मान के कार्यक्रम में बदलाव के साथ-साथ मोहाली में समारोह स्थल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा