Assam

भबेन चौधरी आआपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

गुवाहाटी, 02 मार्च (Udaipur Kiran) । आम आदमी पार्टी (आआपा) की असम इकाई ने अपने राष्ट्रीय संयुक्त सचिव भबेन चौधरी को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फैसला पार्टी की कार्यकारिणी समिति की रविवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

मनोज धनवार, जो पार्टी के स्थायी प्रदेश अध्यक्ष हैं, व्यक्तिगत कारणों से सक्रिय नहीं हैं, जिसके चलते चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई। चौधरी इससे पहले भी असम आआपा के प्रमुख रह चुके हैं, लेकिन पिछले साल सितंबर में धनवार को अध्यक्ष बनाया गया था।

पदभार संभालते ही चौधरी ने राज्य में कथित बढ़ती राजनीतिक हिंसा, लोकतांत्रिक विरोधों के दमन और विपक्षी नेताओं व उनके परिवारों को बदनाम करने के षड्यंत्र की कड़ी आलोचना की। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2026 के चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई, सांप्रदायिक टिप्पणियों, जंगलों की कटाई से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और असम में बार-बार आने वाली बाढ़ जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।

चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा 2026 विधानसभा चुनावों से पहले भय का माहौल बनाकर जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top