मुंबई, 15 फरवरी (Udaipur Kiran) । पनवेल में स्थित कर्नाला किले पर ट्रैकिंग के लिए गए छात्रों और अन्य पर्यटकों पर मधुमक्खियों ने शनिवार को हमला कर दिया। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई जबकि 9 पर्यटक घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पनवेल शहर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पनवेल उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। इनमें से 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पनवेल शहर पुलिस स्टेशन सूत्रों के अनुसार शनिवार को माटुंगा स्थित वीजेटीआई कालेज के छात्रों सहित करीब 50 लोग ट्रैकिंग के लिए पनवेल के निकट कर्नाला फोर्ट गए थे। यह सभी लोग किले पर मौज मस्ती कर रहे थे, इस दौरान मधुमक्खियों ने इन सभी पर्यटकों पर हमला कर दिया। इससे किले पर भगदड़ मच गई और संदीप पुरोहित नामक पर्यटक की मौत हो गई। जबकि 9 लोग घायल हो गए। पनवेल शहर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच कर अन्य पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया है। पुलिस ने मृतक संदीप पुरोहित का शव पोस्टमार्टम के लिए पनवेल उपजिला अस्पताल में भेज दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
