Uttar Pradesh

लाल टोपी वालों से रहें सावधान, विपक्षी संविधान के सबसे बड़े दुश्मन : केशव प्रसाद मौर्य

योगी सरकार के आठ वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का छाया चित्र

आठ साल में प्रयागराज की तस्वीर बदल गई, डबल इंजन की सरकार ने विकास की लिखी नई गाथा

प्रयागराज, 26 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 8 वर्ष पूरा होने पर जिला पंचायत सभागार तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लाल टोपी वालों से सावधान रहने की जरूरत है। सपा, बसपा एवं कांग्रेस सबसे बड़े संविधान के दुश्मन है। सपा वालाें ने लोकसभा चुनाव के दौरान झूठ फैलाया। पीडीए नहीं परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है ।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2017 का इतिहास 2027 में दोहराएगी। भाजपा सबका साथ और सबका विकास के साथ काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में जनता तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा में विश्वास जताते हुए सरकार बनाएगी। सरकार के प्रयास से योगी सरकार ने 8 वर्ष में 8 लाख नौकरी दिया है। इतना ही नहीं सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। भारतीय जनता पार्टी प्रतिभावान चाहे जो है उसे रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऋण योजना चला रही है। प्रदेश के वासी अधिक से अधिक नौकरी करने वाले नहीं, आप नौकरी देने वाले बनें, ऐसी योगी सरकार का प्रयास जारी है। महिलाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार देने का काम किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी एवं प्रदेश की योगी सरकार ने स्मार्ट सिटी व स्मार्ट गांव बनाने का काम कर रही है। अब शहर में चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है और गांव में 20 घंटे बिजली मिल रही है। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश की क्या स्थिति थी जनता जानती है। सपा के कार्यकाल में गुंडा माफिया का शासन चलता था। लेकिन भाजपा के कार्यकाल में माफिया जेल में है या फिर प्रदेश छोड़कर फरार हो चुके है या फिर धरती छोड़ चुके है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। अभी हाल ही में सनातन धर्म के सबसे बड़े महाकुम्भ सम्पन्न हुआ है। इस दौरान प्रयागराज के सभी धार्मिक स्थलों का स्वरूप बदल गया। योगी सरकार में स्वास्थ्य, सुरक्षा की प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर भी हमला बोला। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में लगभग 6 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया। केजरीवाल के भ्रष्टाचार पर भी प्रहार करते कहा कि दिल्ली में 26 वर्ष बाद भारतीय जनता पार्टी की सामान्य कार्यकर्ता रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री बनी है। विपक्षियों ने सिर्फ परिवार का विकास करने का काम किया।

उन्होंने जनता से प्रदेश में योगी को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प को पूरा किया है। केन्द्र सरकार ने महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देकर नारी शक्ति वंदना अधिनियम के तहत 3 करोड़ दीदियों को लखपति बनाने की योजना तैयार किया है।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष बी.के.सिंह, विधायक गुरू प्रसाद मौर्य, एमएलसी के.पी.श्रीवास्तव, भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार जिलाअध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार के अध्यक्ष राजेश शुक्ला, फूलपुर के चेयरमैन अमरनाथ यादव, जिलाधिकारी प्रयागाज रविन्द्र कुमार मार्दंड, सीडीओं समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल

Most Popular

To Top