

वाराणसी, 13 सितम्बर (Udaipur Kiran) । 73वीं ऑल इंडिया पुलिस कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी की महिला पहलवान पूजा यादव ने 62 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीत कर जिले का मान बढ़ाया है।
9 से 12 सितम्बर के बीच प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एस. एस. बी. की ओर से आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में बनारस की दो महिला पहलवानों ने भागीदारी की। इसमें 62 किग्रा भार वर्ग में पूजा यादव ने आई.टी.बी.पी का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं, 55 किग्रा भार वर्ग में बनारस की मानसी यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीता है।
शुक्रवार को ये जानकारी दोनों पहलवानों के कोच रविंद्र यादव (उत्तर प्रदेश पुलिस कुश्ती प्रशिक्षक) ने दी। गोल्ड मेडल जीतने वाली पूजा यादव लोहता भट्टी की रहने वाली है। मानसी यादव बड़ी पियरी वाराणसी की रहने वाली है। दोनों अंतरराष्ट्रीय पहलवानों ने अभ्यास की शुरूआत सिगरा स्टेडियम से ही शुरू की थी। दोनों खिलाड़ियों के पदक जीतने पर उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ एवं वाराणसी कुश्ती संघ ने बधाई दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
