जम्मू, 6 जून (Udaipur Kiran) । जम्मू कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व वाईस चेयरमैन, बलबीर राम रतन ने अपने सहयोगी संजय बक्शी संग भाजपा की प्रदेश सचिव व प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता वीनू खन्ना को
‘वर्ल्ड वूमेनअवैकिंगऑर्गेनाइजेशन’ (वर्ल्ड वूमेन अवैकिंग ऑर्गेनाइजेशन – डब्लूडब्लूएओ) के जम्मू चैप्टर की अध्यक्षा पद पर मनोनीत किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह संगठन महिलाओं के उत्थान, सशक्तिकरण और कल्याण के लिए समर्पित एक सामाजिक संस्था है।
बलबीर राम रतन ने इस अवसर पर कहा कि वीनू खन्ना एक समर्पित और कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता हैं जिन्होंने वर्षों से महिलाओं के अधिकारों और उनके सामाजिक-सांस्कृतिक विकास के लिए अथक परिश्रम किया है। उनके नेतृत्व में जम्मू चैप्टर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा और अधिक से अधिक महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में सफलता प्राप्त करेगा। बलबीर ने उम्मीद जताई कि वीनू खन्ना अपने अनुभव और सामाजिक समर्पण से संगठन को नई दिशा देंगी और जम्मू में महिला कल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायक भूमिका निभायेगी
वीनू खन्ना ने बताया कि ‘वर्ल्ड वूमेनअवैकिंगऑर्गेनाइजेशन’ एक ऐसी संस्था है जो विश्व भर में महिलाओं की भलाई के लिए कार्यरत है। यह संगठन महिलाओं के खिलाफ हिंसा, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा की कमी और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों पर काम करता है। जम्मू में इस चैप्टर की सक्रियता से स्थानीय महिलाओं को अब एक सशक्त मंच मिलेगा जहाँ वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकेंगी और विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगी।
वीनू खन्ना ने बलबीर की शुभकामनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, यह मेरे लिए एक सम्मान की बात है कि मुझे इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। मैं नारी शक्ति के उत्थान के लिए संगठन के उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने का पूरा प्रयास करूंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी सहायता के क्षेत्रों में जागरूक करना और ग्रामीण तथा शहरी दोनों स्तरों पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
(Udaipur Kiran) / रमेश गुप्ता
