Jammu & Kashmir

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक प्रदूषण समाप्ति पर जागरूकता कार्यक्रम

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक प्रदूषण समाप्ति पर जागरूकता कार्यक्रम

जम्मू, 29 मई (Udaipur Kiran) । राजकीय डिग्री कॉलेज, रामगढ़ के पर्यावरण विज्ञान विभाग और इको क्लब अमृता ने संयुक्त रूप से विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस वर्ष के वैश्विक थीम प्लास्टिक प्रदूषण का अंत पर केंद्रित यह कार्यक्रम पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्लास्टिक कचरे के खतरनाक प्रभावों को उजागर करने और छात्रों व स्टाफ में स्थायी जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) मीरू अब्रोल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए जन-जागरूकता, नीति और व्यक्तिगत प्रयासों को जरूरी बताया।

कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष और इको क्लब अमृता की संयोजिका डॉ. शिवाली पंजगोत्रा ने किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने बताया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक कैसे समुद्री जीवन, मिट्टी की उर्वरता और वायु गुणवत्ता पर दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। उन्होंने माइक्रोप्लास्टिक के खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर जाने को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा बताया। डॉ. पंजगोत्रा ने इनकार, कम उपयोग, पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण जैसे 4आर सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया और युवाओं से प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साही भागीदारी देखने को मिली। प्रमुख शिक्षकों में अशोक कुमार, प्रो. ब्रह्म दत्त, डॉ. नीरज बरगोत्रा, प्रिया शर्मा और अंजलि देवी ने थीम की प्रासंगिकता को सराहा और प्लास्टिक के दैनिक उपयोग को कम करने के उपायों पर विद्यार्थियों से संवाद किया।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top