
किशनगंज,24अक्टूबर (Udaipur Kiran) । सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात थाना की पुलिस के द्वारा दूसरे दिन गुरुवार को ठाकुरगंज टोल प्लाजा में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के निर्देश पर चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में बताया गया।जिसमें मौके पर डेमो के माध्यम से यह बताया गया की असावधानी से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। यातायात जागरूकता का संदेश देने के लिए तरीका अपनाया गया।यहां भी एक युवक ने यमराज बनकर बिना हेलमेट या सीट बेल्ट लगाए दिखे लोगों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी।
ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर वाहन चलाए। एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार ने जागरूक करते हुए कहा कि स्वयं सतर्क होकर वाहन चलाएंगे तो दुर्घटना से बचा जा सकता है। प्रशिक्षु डीएसपी अदिति सिन्हा ने कहा कि घर वाले आपके बेसब्री से आपके लौटने का इंतजार करते हैं।इसलिए वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं। ट्रैफिक थानाध्यक्ष धन प्रसाद ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में बताया।
ट्रैफिक रूल्स का पालन करके अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी रहना है। अभियान में ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी अदिति सिन्हा, यातायात थानाध्यक्ष धन प्रसाद, ठाकुरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक राकेश मिश्रा आदि मौजूद थे।
(Udaipur Kiran) / धर्मेन्द्र सिंह
