



रामगढ़, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । गणेश चतुर्थी के मौके पर रामगढ़ शहर के नेहरू रोड में महाकाल भगवा सेवा के द्वारा रात्रि जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मशहूर गायिका शहनाज अख्तर के गीतों पर दर्शन पूरी रात झूमते रहे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ और मां दुर्गा पर आधारित कई गाने प्रस्तुत किए। लोग उस भक्तिरस में ऐसे डूबे जैसे समंदर में गोते लगा रहे हो। भक्ति रस में डूबे श्रोता शहनाज अख्तर के गीतों पर झूमते रहे।
इस दौरान शहनाज अख्तर ने मुगल शासकों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म से बड़ा कोई धर्म नहीं है। मुगलों ने न सिर्फ हिंदुओं को, बल्कि अन्य धर्म को भी काफी क्षति पहुंचाई। तलवार के दम पर धार्मिक स्थलों को तोड़ा गया था लेकिन राम नाम के नारे में इतनी ताकत थी कि अयोध्या में एक बार फिर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। रामलाल की प्रतिमा की स्थापना हुई। उन्होंने उज्जैन के महाकाल, ओंकारेश्वर, बाबा बैद्यनाथ और मां छिन्नमस्तिका के चरणों में नमन किया। साथ ही दर्शकों को अपने भक्ति गीतों पर खूब नचाया।
माता-पिता की सेवा कर ही संवार सकते हैं जीवन: ममता देवी
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ की पूर्व विधायक ममता देवी, कांग्रेस के वरीय नेता पंकज तिवारी शामिल हुए। ममता देवी ने भगवान गणेश की पूजा अर्चना की और दर्शकों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गणपति पूजा से पहले किसी की पूजा नहीं होती। सभी कार्यों में अगर सफलता पानी है तो भगवान गणेश की आराधना करें। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश ने अपनी चतुराई और बुद्धि बल से देवताओं को भी मंत्रमुग्ध किया है। उन्होंने एक कथा भी सुनाई और कहा कि भगवान गणेश ने भी अपने माता-पिता को सर्वोत्तम स्थान दिया है। आज की युवा पीढ़ी भी अपने माता-पिता की सेवा करें तभी असली गणेश पूजा संभव है।
मानवी सिंह और रोहित सिंह ने भी बांधा समां
इस दौरान गायिका मानवी सिंह और गायक रोहित सिंह के गीतों को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया। भोजपुरी संगीत पर दर्शकों ने दोनों कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए गीत को खूब सराहा। रोहित सिंह ने हनुमान जी के लंका गमन प्रसंग को बेहद ही सुरीली अंदाज में प्रस्तुत किया, जिस पर दर्शक खूब झूमे।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
