RAJASTHAN

फेस स्कैनर मशीन से होगी निगमकर्मियों की हाजिरी

फेस स्कैनर मशीन से होगी निगमकर्मियों की हाजिरी

जयपुर, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम हेरिटेज के आयुक्त अरुण कुमार हसीजा ने शनिवार को वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आयुक्त अरुण कुमार ने सिविल लाइन जोन के वार्ड 38, 39, 41 और 48 में सफाई व्यवस्था देखी। आयुक्त अरुण कुमार ने स्थानीय लोगों से भी सफाई अभियान को लेकर चर्चा की। आयुक्त ने वार्डों में डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य को भी देखा और निगम अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। वहीं वार्ड में हाजिरी गाह का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की हाजिरी भी चेक की। आयुक्त ने निर्देश भी दिए कि सभी कर्मचारियों को हाजिरी फेस स्कैनर मशीन से होना अनिवार्य किया जाए। इसके लिए लेट आने वाले कर्मचारियों से तीन बार समझाइश की जाएं, इसके बाद भी ड्यूटी टाइम में लेट होने पर आधे दिन का अवकाश लगाया जाएं।

उन्होंने बताया कि निगम कर्मचारियों को इस बार नवम्बर महीने की सैलरी फेस स्कैनर मशीन से हुई हाजिरी के हिसाब से ही मिलेगी। वहीं किसी कारणवश गैर हाजिर होने या लेट होने पर वार्ड के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक या स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा लिखित में देने पर ही अवकाश मान्य होगा।

निरीक्षण के दौरान चाय की थड़ी के बाहर सड़क पर कचरा फैलाने पर निगम अधिकारियों को निर्देश दे मौके पर ही चालान भी कटवाया। साथ ही दुकानदार से सड़क पार कचरा नहीं फैलाने को लेकर समझाइश भी की। निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन जोन उपायुक्त राकेश कुमार शर्मा, राजस्व अधिकारी पवन शर्मा और अन्य निगम कर्मी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top