Assam

अगरतला में कांग्रेस नेताओं पर हमला, उदयपुर में विरोध मार्च

अगरतला में कांग्रेस नेताओं पर हमला के विरोध में उदयपुर में विरोध मार्च

उदयपुर (त्रिपुरा), 09 जून (Udaipur Kiran) । त्रिपुरा में कानून का राज नहीं है। विधायक सुदीप रॉय बर्मन, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार साहा और युवा कांग्रेस नेता शाहजहां इस्लाम पर रविवार को हुए हमले के विरोध में आज गोमती जिला कांग्रेस की ओर से उदयपुर में विरोध मार्च निकाला गया। जामताला स्थित कांग्रेस भवन से शुरू होकर राधाकिशोरपुर थाने तक विरोध प्रदर्शन किया गया।

पार्टी के गोमती जिला अध्यक्ष टिटन पाल ने कहा कि दो दिन पहले मुस्लिम समुदाय ने ईद-उल-अजहा मनाई थी। इसी को केंद्र में रखकर सत्ताधारी दल के कुछ लोगों ने उदयपुर के राजनगर इलाके में गायों का वध क्यों किया जा रहा है, यह कहते हुए इलाके में मुस्लिम समुदाय के घरों में तोड़फोड़ की। एक व्यक्ति के साथ मारपीट भी की गई।

घटना के बाद पार्टी के प्रदेश नेता शाहजहां इस्लाम ने अपने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ कुछ राजनीतिक बयानबाजी की। जिसे भाजपा के लोग बर्दाश्त नहीं कर पाए और रविवार रात शाहजहां के घर में तोड़फोड़ की। लोगों पर हमला किया गया। यह खबर मिलते ही विधायक सुदीप रॉय बर्मन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा रात को ही मौके पर पहुंचे। उन पर भी हमला किया गया। टिटन पाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर हमले के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज दोपहर उदयपुर में विरोध कार्यक्रम रखा था और अगर भविष्य में ऐसी घटना होती है तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top