
मुरादाबाद, 15 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के संभल जिले में विवादित शाही जामा मस्जिद की रंगाई-पुताई के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम शुक्रवार दोपहर को मजदूरों के साथ पहुंची। सबसे पहले मस्जिद की लंबाई-चौड़ाई की नपाई की गयी। इसके बाद रंगाई-पुताई का कार्य रविवार से शुरू होने की उम्मीद है।
मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट ने बताया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देश पर सात दिन के अंदर मस्जिद की रंगाई-पुताई का कार्य पूरा करना है। शनिवार को पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे एएसआई के दो अधिकारी मजदूरों के साथ निरीक्षण के लिए मस्जिद पहुंचे। फिलहाल मस्जिद की लंबाई-चौड़ाई की नपाई की गयी है। एएसआई के अधिकारियों का कहना है कि उनके वरिष्ठ अधिकारी भी आ रहे हैं। जैसे ही वे पहुंचेंगे, पुताई का काम भी शुरू हो जाएगा।
जफर अली एडवोकेट ने यह भी स्पष्ट किया कि रंगाई-पुताई में मस्जिद का स्वरूप परिवर्तित नहीं होगा। मस्जिद की रंगाई-पुताई के लिए पहले की तरह हरे, सुनहरे और सफेद रंग का प्रयोग किया जाएगा। इसकी जानकारी एएसआई के अधिकारियों को भी दी गयी है।
उल्लेखनीय है कि हाई कोर्ट ने 12 मार्च को सुनवाई के दौरान मस्जिद के बाहरी दीवारों की रंगाई-पुताई का आदेश दिया था। संभल शाही जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर विवाद के बीच आए कोर्ट के आदेश के बाद एएसआई की टीम पहुंची है। ———–
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
