Madhya Pradesh

अशोकनगर: एक और दो बेटी वालों को निजी सेवाओं में विशेष छूट, कलेक्टर आदित्य सिंह का रेवा शक्ति नवाचार

अशोकनगर: एक से दो बेटी वालों को निजी सेवाओं में विशेष छूट, कलेक्टर आदित्य सिंह का रेवा शक्ति नवाचार

अशोकनगर, 26 मई (Udaipur Kiran) । जिले में लिंगानुपात को बचाने रेवा शक्ति अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है। कलेक्टर आदित्य सिंह ने यहां यह एक अभिनव नवाचार शुरू किया है। अभियान के तहत अब एक बेटी और दो बेटी वाले पालकों को निजी सेवाओं में विशेष छूट देने के प्रावधान की बात कलेक्टर आदित्य सिंह ने की है।

कलेक्टर आदित्य सिंह के नवाचार अभियान अंतर्गत जिले में ‘’रेवा शक्ति अभियान’’ का संचालन किया जाएगा। जिले में घटते हुये लिंगानुपात को बचाने हेतु बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना अंतर्गत प्रशासन एवं जन सहयोग से एक अभियान प्रारंभ किया जाना चाहिये। कलेक्टर द्वारा जिले में नवाचार करते हुए जिले के ऐसे पालक जिनकी संतान सिर्फ एक या दो बेटियां हैं, को चिन्हित कर डॉटर्स क्लब बनाया जा रहा है। ऐसे पालकों को कीर्ति कार्ड जारी किये जायेगें। जिसमें कार्ड धारको को निजी प्रतिष्ठान जैसे अस्पताल, स्कूल, कोचिंग, बस सेवा आदि में प्रशासन के सहयोग से विशेष छूट प्रदान की जायेगी।

कलेक्टर आदित्य सिंह ने (Udaipur Kiran) को बताया कि प्रथम चरण में अभी केवल एक बेटी और दो बेटी के पालकों को इस अभियान में शामिल किया गया है। उनका कहना कि इस अभियान को लेकर अभी मंथन किया जा रहा है, आगे दूसरे चरण में जिन पालकों के पहली बेटी और दूसरा बेटा, अथवा एक बेटी एक बेटा है उनको भी सम्मान दिया जाएगा।

सभी शासकीय कार्यालयों में कीर्ति कॉर्नर की स्थापना कर पालकों के आवेदन/शिकायतों का त्वरित निराकरण कर डोर स्टेप डिलेवरी की जायेगी। वर्तमान में जिले में लगभग 08 हजार पात्र परिवारो का चिन्हांकन किया गया है। कीर्ति कार्ड धारक परिवार की बालिका को खेल कूद की सुविधा, नि:शुल्क लाईब्रेरी, नि:शुल्क कोचिंग क्लास व आत्मरक्षा प्रशिक्षण की भी सुविधाये प्रदान की जायेगी।

इस नवाचार को ‘’रेवा शक्ति अभियान’’ नाम देते हुये कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि इस अभियान से जिले में लिंगानुपात में वृद्धि लाते हुये बालिकाओं एवं उनके पालकों को गौरव का आभास कराते हुये बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना हेतु सकारात्मक वातावरण निर्मित होगा। कलेक्टर आदित्य सिंह को यहां पदभार ग्रहण किए सबा माह के करीब हुआ है उनके द्वारा लगातार इस तरह के अभिनव नवाचार किए जा रहे हैं, जिनकी सराहना की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / देवेन्द्र ताम्रकार

Most Popular

To Top