
अशेाक नगर, 17 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी कर जिला चिकित्सालय को एक आदर्श चिकित्सालय के रूप में लिया जायेगा। साथ ही एक अच्छे वातावरण में मरीजों का इलाज हो यह सुनिश्चित कराया जाएगा। यह बात कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय के औचक निरीक्षण के दौरान कही।
कलेक्टर सिंह ने जिला चिकित्सालय के प्रथम भ्रमण के दौरान मरीजों को मिलने वाली समस्त स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रत्येक वार्ड के सुधार के लिए आवश्यक प्रयास कराए जाएंगे। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था,ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था,सुरक्षा गार्ड की बेहतर व्यवस्था,ब्लड बैंक में पर्याप्त ब्लड की मात्रा उपलब्ध रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाओं की गाइडलाइन अनुसार प्रबंधन एवं संचालन हेतु जिला चिकित्सालय अग्रणी रहे,ऐसे प्रयास सतत रूप से किए जाएंगे।
विभिन्न वार्डो का किया निरीक्षण
जिला चिकित्सालय के भ्रमण के दौरान कलेक्टर सिंह ने विभिन्न वार्डो में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर सेफ्टी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिये जाने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं एवं दवाओं के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. डी. के .भार्गव, चिकित्सक साथ थे। हि.स./ देवेंद्र ताम्रकार
(Udaipur Kiran) तोमर
