Assam

सरकारी अस्पतालों में 400 नए डॉक्टरों की होगी भर्ती: अशोक सिंघल

असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल

गुवाहाटी, 12 फरवरी (Udaipur Kiran) । स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने आज जनता भवन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की व्यापक समीक्षा की और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।

मंत्री ने बताया कि 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसके तहत 17 फरवरी तक 87,74,548 बच्चों को एल्बेंडाजोल टैबलेट देने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 32,32,988 बच्चों को दवा दी जा चुकी है। यह अभियान 41,192 स्कूलों और 61,738 आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जा रहा है।

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और 100-दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि पिछले महीने 43 लाख लोगों की टीबी जांच की गई, जिसमें 4,000 नए मरीजों की पहचान हुई।

जनवरी में शुरू किए गए यू-वीन पोर्टल के माध्यम से अब तक 21,210 बच्चों का टीकाकरण किया गया, जो 42 प्रतिशत की सफलता दर दर्शाता है। इसके अलावा, मैन्युअल पंजीकरण के माध्यम से भी टीकाकरण जारी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि व्हाट्सएप शिकायत नंबर के जरिए कई शिकायतें मिली हैं, जिनमें सरकारी अस्पतालों में दवाओं की अनुपलब्धता, डॉक्टरों द्वारा जेनेरिक दवाएं न लिखना और आवश्यक दवाओं की सूची से महत्वपूर्ण दवाओं का बाहर होना शामिल हैं। सरकार ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए अगले 10 दिनों के भीतर सभी आवश्यक दवाएं सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, आवश्यक दवाओं की सूची में कई महत्वपूर्ण दवाएं जोड़ी जाएंगी।

सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए मंत्री सिंघल ने 400 नए डॉक्टरों की भर्ती के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी करने की घोषणा की।

सरकार की ये पहल राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top