
जम्मू, 27 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश संगठन महामंत्री अशोक कौल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश के हर उपेक्षित और वंचित वर्ग के कल्याण को सुनिश्चित किया है। वे सांबा जिले के भाजपा कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जम्मू-कश्मीर भाजपा के उपाध्यक्ष एवं सांबा के विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया, भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं रामगढ़ के विधायक डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल, जिला अध्यक्ष आशा रानी समेत अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।
अशोक कौल ने पार्टी की सांगठनिक मजबूती और निरंतर जनसंपर्क को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने सांबा के कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता की सराहना की और उन्हें निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी के जनकल्याणकारी एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने सांबा क्षेत्र में शुरू की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी दी और बताया कि जनता भाजपा की पारदर्शी नीतियों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य सांबा को एक आदर्श जिला बनाना है।
वहीं डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल ने रामगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में हो रहे सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर नजर रखें ताकि असली लाभार्थियों को उनका हक मिल सके। इसी बीच जिला अध्यक्ष आशा रानी ने संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की और विस्तार की आगामी योजनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से पार्टी की पकड़ जिले में मजबूत हो रही है।
(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा
