Uttar Pradesh

पंचायत चुनाव में जीत के लिए संगठन को मजबूत करना होगा : आशीष पटेल

पथरहिया स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ कैविनेट मंत्री आशीष पटेल।

मीरजापुर, 7 मार्च (Udaipur Kiran) । अपना दल (एस) की मासिक बैठक शुक्रवार को रेलवे स्टेशन दक्षिणी प्रवेश द्वार के सामने, पथरहिया में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद ने की, जबकि मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री, उत्तर प्रदेश, आशीष पटेल और विशिष्ट अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल मौजूद रहे। बैठक का संचालन उदय पटेल ने किया।

बैठक की शुरुआत भारत के महापुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इस दौरान मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी संगठन को मजबूत करने के साथ ही अपनी भूमिका को भी प्रभावी बनाएं। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी। कार्यकर्ता तभी जीतेंगे, जब तक संगठन और स्वयं को मजबूत नहीं करेंगे, उन्होंने कहा।

विधायक रिंकी कोल ने पार्टी की नीतियों और अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जन-जन तक पार्टी का संदेश पहुंचाएं।

जिलाध्यक्ष राम लौटन बिंद ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में शत-प्रतिशत जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने घरों पर पार्टी का झंडा और बैनर लगाएं। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष (किसान मंच) वंश नारायण पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह पटेल, सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

10 नए लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता

इस बैठक में प्रदुम सरोज (ग्राम परवा राजधर), बृजेश बिंद (ग्राम जियुती), राम बली कोल (पूर्व प्रधान, पंजरा), चानिका प्रसाद कोल (पूर्व प्रधान, नरैयना कला), दीनदयाल गुप्ता (सांडवा), बाऊ कोल (जमुहरा), राम सिया प्रजापति (पंजरा), विनय कुमार अग्रहरि (पंजरा), बुद्धिमान अग्रहरी (पंजरा), परमेश्वर सोनी (पंजरा) और गोविंद बिंद (अघौली) ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष ने सभी को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top