Madhya Pradesh

ग्वालियर: बारिश थमते ही सड़कों पर उडऩे लगी धूल

-सात दिन से 35 डिग्री से ऊपर टिका है अधिकतम पारा

ग्वालियर, 08 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । बारिश थमने के बाद जहां गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं शहर की सड़कों पर धूल भी उडऩे लगी है। इससे वायु प्रदूषण बढऩे लगा है। दिन भर तेज धूप और उमस के साथ सड़कों पर उड़ रही धूल लोगों के स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी प्रकार शुष्क बना रहेगा। फिलहाल रात में भी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

ग्वालियर एवं चंबल संभाग से मानसून वापसी की घोषणा एक सप्ताह पहले ही की जा चुकी है। पिछले एक सप्ताह से मौसम पूरी तरह शुष्क है। हवाएं उत्तर-पश्चिम से आ रही हैं। इन हवाओं में नमी होने से वातावरण में उमस बढ़ गई है। आसमान साफ होने से धूप काफी तेज हो गई है। शहर की अधिकांश सड़कों की हालत बेहद खराब है। इन सड़कों पर गुजरने वाले वाहनों से हवा में उड़ रही धूल-मिट्टी लोगों की सेहत पर विपरीत असर डाल रही है। साथ ही वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। मंगलवार शाम पांच बजे महाराज बाड़े पर वायु प्रदूषण का स्तर 151, सिटी सेंटर में 149 एवं दीनदयाल नगर में 134 पर था।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शहर में पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर टिका हुआ है। हालांकि न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट हुई है लेकिन यह भी अभी सामान्य से ऊपर ही है। मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा जो सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 84 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 65 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top