Uttar Pradesh

अनुराग बने जिलाध्यक्ष, अभिषेक सिंह को लगातार दूसरी बार जिला मंत्री की कमान

शपथ ग्रहण करते उप्र मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी।

– निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने दिलाई शपथ

मुरादाबाद, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ जनपद शाखा मुरादाबाद का द्विवार्षिक चुनाव रविवार को सम्पन्न हुआ जिसमें जिलाध्यक्ष पद पर अनुराग एवं जिला मंत्री अभिषेक सिंह भारी मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। उप्र मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के चुनाव हेतु मतदाताओं की कुल संख्या 79 हैं जिसमें 77 कर्मचारियों ने आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नौ सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए तीन पदों पर एक तरफा मुकाबला देखने को मिला, जबकि 6 पद पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अनुराग एवं संजीव कुमार सक्सेना के बीच मुकाबला हुआ जिसमें 77 वोट पड़े जिसमें से अनुराग को 66 वोट मिले और संजीव कुमार सक्सेना ने 11 मत प्राप्त किए। अध्यक्ष पद पर अनुराग ने 55 मतों से जीत हासिल की। जिला मंत्री पद पर अभिषेक सिंह एवं कुलदीप वन के बीच मुकाबला था, जिसमें अभिषेक सिंह को 63 एवं कुलदीप वन को 14 मत प्राप्त हुए । अभिषेक सिंह ने 49 वोटों से विजयी घोषित किए गए। अभिषेक सिंह लगातार दूसरी बार जिला मंत्री के पद पर जीते हैं‌।

कोषाध्यक्ष पद पर श्रवण कुमार और अनीता रानी के बीच मुकाबला हुआ श्रवण कुमार को 67 एवं अनिता रानी को 10 मत प्राप्त हुए, इस तरह श्रवण कुमार 57 मतों से विजयी घोषित किए गए। इनके अलावा अनिल सैनी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, एजाज अहमद संयुक्त मंत्री, हरकेश कुमार संगठन मंत्री, सोनू सिंह ऑडिटर एवं दुरदाना इकबाल सांस्कृतिक व क्रीडा मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अनुराग ने कहा कि वह कलेक्ट्रेट कर्मचारियों के हित में कार्य करेंगे। किसी भी स्तर पर कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपी कृष्ण ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई दी।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जयसवाल / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top