WORLD

रूस का यूक्रेन पर एक और घातक हमला , 41 मरे और 200 से ज्यादा घायल

नई दिल्ली, 3 सितंबर (Udaipur Kiran) । रूस ने मंगलवार को एक बार फिर यूक्रेन पर घातक हमला बोला है। यूक्रेन के मध्य क्षेत्र में एक शिक्षा संस्थान और एक अस्पताल पर बैलॉस्टिक मिसाइल से किए गए हमले में 41 लोगों के मारे जाने और 200 से अधिक के घायल होने का समाचार है। एक अन्तरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बयान को आधार बनाकर इसकी पुष्टि की है।

रूस और यूक्रेन के बीच ढाई साल से चल रहे संघर्ष में पिछले कुछ दिनों में अचानक तेजी देखने को मिली है। रूस ने आज एक बार फिर यूक्रेन के पोल्तावा क्षेत्र में घातक मिसाइल दागी हैं। इस मिसाइल का निशाना बने संचार संस्थान का एक भाग मलबे में तब्दील हो गया और लोग उसके नीचे दब गए। हांलाकि विस्तृत विवरण का इंतजार किया जा रहा है पर जिस प्रकार यह हमला किया गया, वह रूस के अब तक किए गए कुछ घातक हमलों में से एक था।

रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी, 2022 से जारी जंग में अचानक तेजी आई है। इससे पहले यूक्रेन ने भी रूस की एक मुख्य इमारत को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया था। यह रूस के भीतर घुसकर किया गया हमला था, जिसका जवाब रूस देना चाह रहा है। इस बीच दोनों देशों के बीच शांति वार्ता के प्रयास भी जारी हैं, पर उनका कोई परिणाम निकलता नहीं दिख रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेन्द्र तिवारी

Most Popular

To Top