
मुरादाबाद, 02 मई (Udaipur Kiran) । देश में 1952 से लेकर 1967 तक एक साथ चुनाव हुए। कांग्रेस ने सन 1971 में इस परम्परा को ध्वस्त कर दिया। यह बातें शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के तत्वावधान में पंचायत भवन सभागार में आयोजित एक राष्ट्र एक चुनाव पर आयोजित प्रबुद्ध समागम में भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने कहीं।
अनूप गुप्ता ने आगे कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव देश के विकास के लिए जरूरी है। इसके लागू होने से देश में बड़ा बदलाव होगा। बार-बार चुनाव से विकास प्रक्रिया बाधित एवं अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। सरकारी संसाधनों का अत्यधिक व्यय होता है। यदि एक साथ चुनाव कराए जाएं तो इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि एक राष्ट्र-एक चुनाव पर जनमत बनाएं। उन्होंने बताया कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी तंत्रों की व्यस्तता से विकास के कार्य प्रभावित होता है। कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव सांविधानिक प्रक्रिया थी।
समागम की अध्यक्षता प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अनुराग महरोत्रा ने व संचालन भाजपा महानगर मंत्री सर्वेश पटेल ने किया। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त व गोपाल अंजान, एक राष्ट्र एक चुनाव के महानगर संयोजक धमेंद्र नाथ मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष विशाल त्यागी, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, दीक्षांत चौधरी आदि रहे।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
