
-सिटी बस की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की संख्या 4 हुई
राजकोट, 16 अप्रैल (Udaipur Kiran) । राजकोट में इंदिरा सर्किल के समीप बुधवार सुबह सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। घटना में 4 अन्य घायल लोगों को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया है जिसमें बस सड़क किनारे आकर वाहनों को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। राजकोट महानगर पालिका ने मृतकों के परिजनों को 15 लाख और घायलों को 2 लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की है।
राजकोट शहर डीसीपी जोन 2 के जगदीश बांगरवा ने बताया कि राजकोट शहर के इंदिरा सर्किल के समीप सिटी बस चालक ने वाहनों को टक्कर मार दी। सुबह 9.52 बजे इंदिरा सर्किल से यूनिवर्सिटी की ओर जा रही सिटी बस चालक ने ट्रैफिक का सिग्नल खुलने के साथ बस आगे बढ़ाया जिससे 7-8 वाहन चपेट में आ गए। दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 4 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतकों में संगीता नेपाली (40), राजूभाई गीडा (35) और किरणबेन कक्कड और चिन्मय भट्ट उर्फ लालो के नाम शामिल हैं। इनमें मृतक संगीता ब्यूटी पार्लर में नौकरी करती थी। वहीं राजू सत्यम पार्क, शेरी नंबर-1, 80 फीट रोड पर रहता था। राजू अपने भांजे साथ बाइक पर जा रहा था, इस दौरान सिटी बस ने उसके वाहन को चपेट में ले लिया। घटना में सुरज रावल, विशाल मकवाणा, विराज खाचर और शिशुपाल सिंह राणा घायल हो गए हैं। इन्हें सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बस चालक शिशुपालसिंह राणा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे सिविल हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। दुर्घटना के बाद आक्रोषित लोगों की भीड़ ने सिटी बस पर पथराव किया और बस की कांच तोड़ दी। लोगों ने ट्रैफिक जाम कर हंगाम किया। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को भगा दिया।
घटना के बाद राजकोट शहर पुलिस आयुक्त ब्रजेश कुमार झा, संयुक्त पुलिस आयुक्त महेन्द्र बगडिया, डीसीपी ट्रैफिक पूजा यादव, डीसीपी क्राइम पार्थराजसिंह गोहिल समेत गांधीग्राम, यूनिवर्सिटी, मालविया, क्राइम ब्रांच, एसओजी पुलिस मौके पर पहुंच गए। विधायक दर्शिता कोठिया ने भी घटनास्थल पर जाकर लोगों से बातचीत की।
—————
(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय
