HEADLINES

अन्नपूर्णा देवी ने की यूरोपीय आयुक्त हदजा लाहबीब से मुलाकात, भारत-यूरोपीय संघ सहयोग को सुदृढ़ बनाने का लिया संकल्प

अन्नपूर्णा देवी  ने की यूरोपीय आयुक्त  हदजा लाहबीब से मुलाकात

नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के शास्त्री भवन में समानता, तैयारी और संकट प्रबंधन की यूरोपीय आयुक्त हदजा लाहबीब से भेंट की। यह बैठक यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की उच्च स्तरीय यात्रा का एक अंग है। उर्सुला वॉन डेर लेयेन 27 से 28 फरवरी तक भारत की यात्रा पर हैं। उनके साथ आयुक्तों का समूह भी इस यात्रा में है, जिसमें 26 मंत्री शामिल हैं।

द्विपक्षीय चर्चाओं के दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और आयुक्त हदजा लाहबीब ने महिला सशक्तीकरण और बाल कल्याण के क्षेत्रों में भारत-यूरोपीय संघ सहयोग को मजबूत करने के लिए नए मार्ग तलाशने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने समावेशी नीतियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की, जो महिलाओं और बच्चों, विशेष रूप से कमजोर और वंचित समुदायों के बच्चों के कल्याण को बढ़ाने की दिशा में कार्य करती हैं।

अन्नपूर्णा देवी ने मिशन शक्ति , बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा वित्तीय और डिजिटल समावेशन, उद्यमशीलता, निर्णय लेने और नेतृत्व भूमिकाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न अन्य योजनाओं और कार्यक्रमों सहित भारत सरकार की प्रमुख पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने एक सुरक्षित और समावेशी समाज के निर्माण के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता पर भी बल दिया, जहां महिलाएं और बच्चे इन योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें।

हदजा लाहबीब ने महिला सशक्तीकरण में भारत की प्रगति की सराहना करते हुए इस क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने के लिए यूरोपीय संघ की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने महिला सशक्तीकरण और संकट प्रतिक्रिया से संबंधित वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।

यह बैठक महिला सशक्तीकरण के लिए नीतियों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए सहयोगात्मक प्रयासों में भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत, विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए महिला-नेतृत्व वाले विकास के सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निरंतर रूप से आगे बढ़ रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top