Uttar Pradesh

हिन्दू विरोधी बयान से आक्रोशित भाजयुमो ने अखिलेश यादव का पुतला फूंका, मुर्दाबाद के लगाये नारे

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन करते भाजयुमो के कार्यकर्ता

फतेहपुर, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मठ व माफियाओं के बीच का अन्तर नहीं मालूम है। हिन्दुस्थान के अन्दर जो मठ हैं वहां सिर्फ वसुधैव कुटुम्बकम व सर्वे भवंतु सुखिनः की गूंज सुनाई देती है, लेकिन अखिलेश यादव को मठों में माफिया ही नजर आते हैं। उक्त बातें शनिवार को भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला दहन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में शहर के पटेल नगर चौराहे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हिन्दू व संतों के अपमान विरोधी बयान से आक्रोशित होकर उनका पुतला दहन कर मुर्दाबाद के नारे लगाये।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वोट बैंक की राजनीति के चक्कर में हिन्दू व संत विरोधी बयान दे रहे हैं। उन्हें भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं है। हमारे देश में हमेशा से संत देश व समाज का मार्गदर्शन करते आये हैं। समाज में संतों को सम्मान के नजरों से देखा जाता रहा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संत विरोधी बयान अक्षम्य है। आगे आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता उन्हें जरूर जवाब देगी।

(Udaipur Kiran) / देवेन्द्र कुमार

Most Popular

To Top