
बेंगलुरु, 07 मार्च (Udaipur Kiran) । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बेंगलुरु के मराठाहल्ली में नवनिर्मित विश्वेशतीर्थ मेमोरियल अस्पताल का शुक्रवार को उद्घाटन किया। अस्पताल का संचालन श्रीकृष्ण सेवाश्रम ट्रस्ट करता है। इस अवसर पर शाह ने ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। इस अस्पताल की क्षमता 150 बेड की है। इसका उद्देश्य अत्याधुनिक उपचार प्रणालियों के साथ गरीब और कमजोर लोगों का सस्ता एवं अच्छा इलाज करना है।
अमित शाह ने कहा कि यह अस्पताल गरीबों के लिए बड़ा सहारा बनेगा। इस अस्पताल का निर्माण दो एकड़ क्षेत्रफल में किया गया है, जिस पर कुल 60 करोड़ रुपये की लागत आयी है। अस्पताल की खास बात यह है कि 60 फीसदी बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
तमिलनाडु में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 56वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गृहमंत्री शाह के कर्नाटक के बेंगलुरु पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि शाह का मार्गदर्शन हमें अपना काम जारी रखने के लिए प्रेरित करता है।
———–
(Udaipur Kiran) / Dr. Vara Prasada Rao PV
