

— कहानी लेखन प्रतियोगिता में बीएनएसडी के छात्र ने मारी बाजी, प्रधानाचार्य ने दी जानकारी
कानपुर, 16 जनवरी (Udaipur Kiran) । बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इण्टर कॉलेज बेनाझाबर में ग्याहरवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र अमित कुमार ने राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लिया। उसने कहानी लेखन प्रतियोगिता में देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से छात्र के साथ विद्यालय का नाम शहर में ही नहीं बल्कि पूरे देश में रोशन हुआ है। यह जानकारी गुरुवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह ने दी।
मूल रुप से मैनपुरी जिले के रहने वाले अमित कुमार बेहतर शिक्षा के लिए कानपुर में रहकर बेनाझाबर स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इण्टर कॉलेज में पढ़ते हैं। उनके पिता राजीव कुमार किसान और मां गृहणी है। शुरु से ही लेखन के प्रति रुचि रखने वाले छात्र अमित ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अन्तर्गत राजधानी दिल्ली में आयोजित 28वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2024-25 में विकसित भारत और विरासत विषय पर कहानी लेखन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रदेश के दो-दो प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। यह प्रतियोगिता 15 से 29 वर्ष के युवाओं के बीच थी। अमित ने कहानी लेखन में जनपद व मण्डल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। तदुपरान्त युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल विभाग द्वारा लखनऊ में आयोजित राज्य युवा उत्सव 2024-25 के अन्तर्गत कहानी लेखन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किए गये थे। उनके इस उत्कर्ष प्रदर्शन से माता-पिता व गुरुजनों का बल्कि शहर व प्रदेश का भी नाम रोशन हुआ।
—————
(Udaipur Kiran) / Md. Mahmad
