

– विश्व पृथ्वी दिवस पर जिलाधिकारी ने पौधरोपण करते हुए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अमेठी, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वन विभाग इस वर्षा काल में जनपद अमेठी में लगभग 43.62 लाख पौधे लगाएं जाने संकल्प लिया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए जिस तरह से समस्याएं उत्पन्न हो रहीं हैं, वह हमारे लिए चुनौती है। इस स्थिति में पौधरोपण एक बड़ा विकल्प है। पौधे केवल लगाने मात्र से काम नहीं चलेगा बल्कि पेड़ों को बचाना भी होगा। उन्होंने सभी जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने आस-पास खाली स्थान पर पेड़ अनिवार्य रूप से लगाएं। उनकी देखभाल भी करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार मिश्रा ने भी पौधरोपण किया।
प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने बताया कि आज विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर कादूनाला व जीजीआईसी गौरीगंज में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को पर्यावरण को बचाने, पौधों को लगाने के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्षा काल में जनपद अमेठी में लगभग 43.62 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी
