Assam

(संशोधित) मुख्यमंत्री ने गोलाघाट के को-ऑपरेटिव शुगर मिल स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा गोलाघाट के  को-ऑपरेटिव शुगर मिल स्थल का निरीक्षण करते हुए।
मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा गोलाघाट के  को-ऑपरेटिव शुगर मिल स्थल का निरीक्षण करते हुए।

गुवाहाटी, 20 मई (Udaipur Kiran) । औद्योगिक अवसंरचना को सशक्त बनाने और निवेशकों के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए असम सरकार की जारी पहलों के तहत मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को गोलाघाट जिले के खुमटाई विधानसभा क्षेत्र के बरुवा बामुनगांव में स्थित पूर्व असम को-ऑपरेटिव शुगर मिल परिसर का निरीक्षण किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एडवांटेज असम 2.0 समिट के सफल आयोजन के बाद कई औद्योगिक समूह असम आए हैं और राज्य सरकार से उद्योग स्थापित करने हेतु भूमि की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नुमलीगढ़ में दो औद्योगिक परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है और उनके लिए भूमि आवंटित भी की जा चुकी है। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में और भी औद्योगिक उपक्रम असम में आने की संभावना है, जिसके लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार सरकारी रिक्त भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे क्षेत्रों को औद्योगिक पार्कों में तब्दील करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बरुवा बामुनगांव स्थित बंद चीनी मिल परिसर को एक महत्वपूर्ण औद्योगिक स्थल के रूप में चिह्नित किया और कहा कि जैसे ही भूमि से संबंधित कानूनी और प्रशासनिक बाधाएं दूर होंगी, इसे औद्योगिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

करीब 500 बीघा क्षेत्र में फैली इस भूमि को औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिससे राज्य की औद्योगिक क्षमता को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इस स्थल की सुरक्षा के लिए जल्द ही चारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने रिक्त सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए पहले से ही उपाय किए हैं और सभी जिलों के आयुक्तों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. सरमा के साथ सांसद कमख्या प्रसाद तासा, विधायक मृणाल सैकिया, विश्वजीत फुकन, मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, गोलाघाट के आयुक्त पुलक महंत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top