
रांची, 1 जून (Udaipur Kiran) । झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान की पहचान रहे झारखंड आंदोलनकारियों को एक बार फिर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित समारोह में रविवार को विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने झारखंड आंदोलनकारी कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे औरई डॉ राजेश गुप्ता को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थिति लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से दोनों आंदोलनकारियों का अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि झारखंड के अलग राज्य की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले आलोक कुमार दूबे और डाॅ राजेश गुप्ता ने आंदोलन के दौरान कई बार लाठियां खाईं, गिरफ्तारी दी और जेल यात्रा भी की। वे सर्वदलीय अलग राज्य निर्माण समिति के गठन में एक केंद्रीय स्तंभ के रूप में सक्रिय रहे। आंदोलन के उस कठिन दौर की यादें साझा करते हुए आलोक दूबे ने कहा की यह सम्मान न केवल मेरे लिए है, बल्कि उन हजारों साथियों के संघर्ष का प्रतीक है जिन्होंने झारखंड के सपने को साकार करने के लिए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण समर्पित कर दिया। यह राज्य हमारे बलिदानों की नींव पर खड़ा हुआ है।
डाॅ राजेश गुप्ता ने कहा झारखंड के लिए लड़ी गई यह ऐतिहासिक लड़ाई आज भी प्रेरणास्रोत है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रभाकर कुमार, प्रदीप तिर्की, सुरेंद्र पासवान, विजय वर्मा, उमेश दास, राजू साहू, शिव रमन सहित अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
