HimachalPradesh

एयर इंडिया विमान हादसे पर प्रदेश भाजपा शोकाकुल, सभी कार्यक्रम स्थगित

शिमला, 12 जून (Udaipur Kiran) । अहमदाबाद में गुरूवार काे लंदन जा रहे एयर इंडिया विमान के क्रैश होने के दर्दनाक हादसे पर भाजपा ने गहरा शोक जताया है। इस हादसे के बाद भाजपा ने प्रदेश में आज निर्धारित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सतपाल सत्ती, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, वरिष्ठ नेता शांता कुमार सहित समस्त भाजपा नेतृत्व ने विमान हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। हादसे ने अनेक परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी की ओर से मृतकों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। भाजपा ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए बचाव कार्यों में जुटे आपदा प्रबंधन दलों और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने आज आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की है। पार्टी ने कहा है कि वह इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे राहत प्रयासों का पूर्ण समर्थन करती है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top