RAJASTHAN

अक्षय तृतीया को बन रहा है रोहिणी नक्षत्र का शुभ संयोग

अक्षय तृतीया अबूझ सावे पर सैंकड़ों जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

जयपुर, 29 अप्रैल (Udaipur Kiran) । अक्षय तृतीया को बुधवार और रोहिणी नक्षत्र का शुभ संयोग बन रहा है। इस योग में बड़े लेन-देन और रियल एस्टेट में निवेश विशेष फायदेमंद होगा। इससे पहले 7 मई 2008 को अक्षय तृतीया पर ऐसा संयोग बना था। अब 27 साल बाद 2052 में ऐसा योग बनेगा। इस दिन पारिजात, गजकेसरी, केदार, काहल, हर्ष, उभयचरी और वाशी नाम के सात राजयोग रहेंगे। सर्वार्थसिद्धि, शोभन और रवियोग भी बन रहे हैं। इस तरह 10 महायोग में अक्षय तृतीया मनेगी। इस संयोग में खरीदारी, निवेश, लेन-देन और नई शुरुआत से दीर्घावधि में लाभ होगा। अक्षय तृतीया मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शुरू हो गई जो 30 अप्रैल को दोपहर 2:15 बजे तक रहेगी। धर्म सिंधु और निर्णय सिंधु-ग्रंथों के अनुसार बुधवार को सूर्योदय व्यापिनी तिथि होने से 30 अप्रैल को ही अक्षय तृतीया मनाना शास्त्र सम्मत है।

अक्षय तृतीया को खरीदारी, दान-पुण्य पर बहुत जोर रहेगा। क्योंंकि अक्षय का अर्थ है, जिसका कभी क्षय ना हो, जो स्थायी रहे। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किया गया दान, पूजन, हवन सहित हर पुण्य कार्य अक्षय फल देता है। कोई भी शुभ कार्य और नई शुरुआत के लिए इसे स्वयं सिद्ध मुहूर्त माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार वैशाख मास में किए जाने वाले विवाह अक्षय होते हैं। इस दिन की गई खरीदारी का फायदा लंबे समय तक मिलता है। ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा के अनुसार अक्षय तृतीया तिथि को त्रेतायुग की शुरुआत हुई थी, इसलिए इसे युगादितिथि भी कहते हैं।

सोना-चांदी खरीदना रहेगा शुभ:

सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है, जो समृद्धि का प्रतीक है। सोना और चांदी को धन-धान्य की देवी लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है, इसलिए इस दिन इनकी खरीदारी को स्थायी धन और सौभाग्य की प्राप्ति के रूप में देखा जाता है। हिंदू धर्म में सोने को सबसे पवित्र और अक्षय माना गया है। इसे देवताओं की धातु माना जाता है। इसीलिए अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी की परंपरा है। पद्म पुराण के मुताबिक, इस तिथि पर कुबेर को देवताओं का खजांची बनाया गया था। इस तिथि पर लक्ष्मी पूजा भी होती है, जिससे जीवन में स्थायी समृद्धि आती है।

शुभ स्थिति बनने से हर तरह की खरीदारी और नई शुरुआत लंबे समय तक फायदा देने वाली रहेगी। स्कन्द पुराण के अनुसार, अक्षय तृतीया पर खरीदा गया सोना समृद्धि देने वाला होता है। इसी तरह धनतेरस, रथ सप्तमी, गुरु पुष्य और रवि पुष्य योग भी सोना खरीदने का विशेष मुहूर्त है। ग्रंथों में बताया गया है सोना पूर्व या उत्तर दिशा से खरीदना चाहिए। ब्रह्मांड पुराण के अनुसार उत्तर दिशा से खरीदा गया सोना शुभ फल देता है। इससे आत्मविश्वास और सकारात्मकता में वृद्धि होती रहती है।

अबूझ सावा: फिर गूंजेगी शहनाई, एकल-सामूहिक विवाह की रहेगी धूम

अक्षय के अबूझ सावे पर जयपुर जिले में सैंकड़ों जोड़े परिणय सूत्र में बधेंगे। ब्राह्मण, जांगिड़ सहित कई समाजों के सामूहिक विवाह सम्मेलन भी होंगे। एकल विवाह की भी धूम रहेगी। राजधानी के सभी प्रमुख होटल, बैंक्वेट हॉल, सामुदायिक केन्द्र और मैरिज गार्डन में मंगलवार को ही विवाह पूर्व की अनेक रस्में हुईं। बुधवार को विवाह के अलावा नूतन गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत संस्कार भी होंगे। अबूझ मुहूर्त होने के कारण अन्य मांगलिक आयोजन भी जमकर होंगे।

ग्रहों के संयोग से तीन राशियों पर रहेगी बरसेगी अक्षय कृपा

अक्षय तृतीया वैसे सभी को अक्षय फल प्रदान करती है मगर कुछ राशियों पर यह विशेष कृपा करेंगी। हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया को एक बहुत ही महत्वपूर्ण और अबूझ मुहूर्त माना गया है। अबूझ मुहूर्त वह मुहूर्त होता है जिसमें कोई भी शुभ कार्य बिना मुहूर्त के विचार किए संपन्न किया जा सकता है। यह साल एक साढ़े तीन अबूझ मुहूर्तों में से एक होता है। अक्षय तृतीया पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना करने का महत्व होता है। इस साल अक्षय तृतीया पर बहुत ही दुर्लभ संयोग बनने जा रहा है। इस दिन ग्रहों की स्थितियों के अनुसार कई तरह के शुभ और बड़े राजयोगों का निर्माण होगा। ज्योतिषाचार्य पं. पुरुषोत्तम गौड़ ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन वृषभ राशि में गुरु और चंद्रमा की युति होगी ,जिससे गजकेसरी राजयोग का निर्माण होगा। वहीं इस दिन अक्षय योग और मीन राशि में चतुर्ग्रही, मालव्य और लक्ष्मी नारायण राजयोग का निर्माण होगा। अक्षय तृतीया के दिन बने शुभ योग के चलते कुछ राशि वालों को अच्छा लाभ मिल सकता है।

इन राशियों पर होंगी मां लक्ष्मी मेहरबान:

वृषभ राशि:

वृषभ राशि के जातकों के लिए अक्षय तृतीया का पर्व शुभ साबित हो सकता है। ग्रहों की स्थितियों के योग के चलते इस दिन मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहेगी। करियर में अच्छी सफलता मिलने के योग हैं। मनचाहा काम मिलेगी जिससे अच्छी कामयाबी मिलेगी। आर्थिक स्थिति में तेजी से प्रगति मिलेगी। धन लाभ के भरपूर मौके मिलेंगे। नौकरीपेशा जातकों का नई नौकरी के अवसर मिल सकते हैं।

सिंह राशि :

सिंह राशि के लोगों को अक्षय तृतीया पर ग्रहों का संयोग बहुत ही शुभ और फलदायी साबित होगा। करियर-कारोबार में फायदा मिलने के अच्छे योग हैं। कार्यों में सफलता मिल सकती है। अधूरा पड़ा काम जल्द ही पूरा हो सकता है जिससे आपको अच्छा खासा लाभ मिल सकता है। सुख-सुविधाओं और भौतिक सुख में इजाफा होगा। धर्म की तरफ रूझान बढ़ सकता है। इस दौरान आपको घर और वाहन खरीदने का सपना भी पूरा हो सकता है।

धनु राशि :

धनु राशि के जातकों के लिए अक्षय तृतीया बहुत ही शुभ और लाभकारी साबित हो सकता है। धन लाभ के अवसरों में वृद्धि हो सकती है। नौकरी करने वाले और व्यापार में लगे जातकों को अच्छा खासा लाभ अर्जित करने में कामयाबी मिलेगी। मां लक्ष्मी की विशेष कृपा आपको मिलेगी जिससे इस राशि के जातकों को हर एक क्षेत्र में अच्छी सफलता मिलने के योग हैं। नई योजनाएं कारगर साबित होंगी और परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top