
लखनऊ, 09 जून (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पूर्व एमएलसी कांति सिंह की जीवनी ‘‘छूना है आसमान‘‘ पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रतापगढ़ से सांसद एसपी सिंह पटेल ने किया था। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कांति सिंह को समाज सेविका और शिक्षाविद् सावित्री बाई फुले की प्रतिमा भेंट की।
अखिलेश यादव ने पुस्तक का विमोचन करने के बाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा समाज को जोड़ती है। शिक्षा उपेक्षितों के लिए प्रकाश है। शिक्षा से जागरूकता आती है। जीवनी शिक्षा से जुड़ी होती है। पुस्तक के लिए कांति सिंह को बधाई देना चाहता हूं। इसमें उनके पूरे जीवन का संघर्ष है। वे रूढ़िवादी समाज से लड़ते हुए यहां तक पहुंची है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आसमान छूने के लिए जीवन भर संघर्ष करते रहना पड़ता है। शिक्षा शोषण नहीं पोषण करती है। शिक्षा पाजिटिव और प्रोग्रेसिव बनाती है। लेकिन रूढ़िवादी लोग शिक्षा के खिलाफ रहते है और शिक्षा पर नियंत्रण करना चाहते है। जो शिक्षा का सम्मान नहीं करते हैं वे दंभी, अहंकारी और घमंडी होते हैं।
इस अवसर पर ‘‘छूना है आसमान‘‘ पुस्तक की लेखिका रेनू सैनी, समीक्षाकार राखी सैनी, अरूण ग्रेस सीईओ साइन ओ क्योर, अनूप पटेल, सुशील कुमार, शिखर पाल सिंह, राकेश चौधरी एडवोकेट हाईकोर्ट, डॉ0 पंकज यादव, शान भटनागर, प्रोफेशनल आर्टिस्ट, दिनेश चौधरी एडवोकेट एवं लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के समस्त जिलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
